केरल ही नहीं इन मौसम विभाग ने 16 राज्यों के लिए जारी किया अलर्ट, जानिए कब कहां हो सकती है बारिश

भारत के कई हिस्सों से मॉनसून वापस जा चुका है लेकिन कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश का सिलसिला जारी है। केरल में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो चुका है। शनिवार को केरल के 5 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया। इसके अलावा यहां मौसम विभाग ने 7 अन्य जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। केरल के इडुक्की में कई लोगों की जान भी चली गई है। कोट्टायम में हुए लैंडस्लाइड की वजह से अभी कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने राहत और बचाव कार्य चलाने के लिए भारतीय वायुसेना से मदद मांगी है। 

भारतीय मौसम विभाग ने ना सिर्फ केरल बल्कि 16 अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश का अनुमान जताया है। इनमें मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, जम्मू और कश्मीर तथा लद्दाख शामिल हैं। मौसम विभाग ने कहा है कि 19 अक्टूबर तक बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक कम दबाव वाला क्षेत्र बनने की वजह से इन जगहों पर बारिश हो सकती है। विभाग की तरफ से कहा गया है कि साउथईस्ट अरब सागर और केरल के कुछ इलाकों में एक अन्य दबाव वाला क्षेत्र बना है। एक और कम दबाव का क्षेत्र उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और उसके आसपास के इलाकों में बना हुआ है। इस कम दबाव के चक्रवाती सर्कुलेशन का आमतौर पर उत्तर-पश्चिम यानि पश्चिम उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ने की संभावना है।

मौसम विभाग ने बताया है कि आंध्र प्रदेश और उससे सटे इलाकों के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की वजह से दक्षिण के तटीय राज्यों और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना है। इसी तरह का अलर्ट ओडिशा के लिए भी जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक यहां 16 और 18 अक्टूबर को भारी बारिश होने की संभावना है। महाराष्ट्र में 17 और मध्यप्रदेश में 17 और 18 अक्टूबर को बारिश की संभावना जताई गई है। 

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड में 17 और 19 अक्टूबर के बीच बारिस हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में भी बारिश की संभावना जताई गई है। 17 और 18 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश तथा हरियाणा, चंडीगढ़ और ईस्ट राजस्थान में भी 17 अक्टूबर को बारिश की संभावना जताई गई है। नॉर्थवेस्ट भारत के कुछ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश और आंधी-तूफान की आशंका जताई गई है। इन जगहों पर 17 और 18 अक्टूबर को बारिश हो सकती है। जम्मू कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश को लेकर में भी बारिश की संभावना जताई गई है।

Source link