यूपी में भीषण हादसा, आगरा-अलीगढ़ बाईपास पर मैक्स को AC बस ने मारी टक्कर, चार बच्चों समेत 15 की मौत

यूपी में भीषण हादसा, आगरा-अलीगढ़ बाईपास पर मैक्स को AC बस ने मारी टक्कर, चार बच्चों समेत 15 की मौत

यूपी में शुक्रवार की शाम भीषण हादसा हो गया। मैक्स लोडर और एसी बस की टक्कर में 15 लोगों की मौत हो गई है। इसमें चार बच्चे भी शामिल हैं। एक दर्जन लोग घायल हैं। हादसा आगरा अलीगढ़ बाईपास रोड पर मतई गांव के पास हुआ है। बस आगरा से देहरादून जा रही थी। उसने अपने आगे चल रहे मैक्स लोडर को पीछे से टक्कर मारी है। सीएम योगी ने भी हादसे का संज्ञान लिया है। अधिकारियों को बचाव और राहत कार्य में लगने का निर्देश दिया है। आला अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। कई एंबुलेंस बुलाकर घायलों को अस्पताल भेजा जा रहा है। मरने वाले सभी आगरा के खन्दौली क्षेत्र के रहने वाले हैं।

बताया जा रहा है कि बीस से ज्यादा सवारियों को लेकर मैक्स लोडर आगरा से अलीगढ़ जा रहा था। आगरा अलीगढ़ बाईपास रोड पर मतई गांव के पास पीछे से आ रही एसी बस ने लोडर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि लोडर में बैठी सवारियां काफी दूर तक उछल गईं। लोडर के परखच्चे उड़ गए। बस में बैठी सवारियों को भी जोरदार झटका लगा। 

आसपास से गुजर रहे वाहनों और राहगीरों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। लोडर में फंसे लोगों को निकाल-निकाल कर बाहर सड़क पर ही रखना शुरू किया। तब तक कुछ लोग तड़प रहे थे तो कुछ लोग मर चुके थे। भीषण हादसे की जानकारी फोन से अधिकारियों और एंबुलेंस को दी गई। जब तक आला अधिकारी और एंबुलेंस मौके पर पहुंची दस लोगों की मौत हो चुकी थी। घायलो को तत्काल अस्पताल भेजा गया। पांच लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। 

Source link