IND vs SA Live Score: मलान-डिकॉक के बीच पहले विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी, भारत ने 288 रन का लक्ष्य दिया

06:59 PM, 21-Jan-2022

छह ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका 38/0

दक्षिण अफ्रीका की पारी के छठे ओवर में रविचंद्रन अश्विन ने मेडन ओवर डाला। उस वक्त स्ट्राइक पर यानेमन मलान थे। छह ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए 38 रन बनाए। फिलहाल मलान 6 रन और डिकॉक 31 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

06:40 PM, 21-Jan-2022

भुवनेश्वर पर डिकॉक का प्रहार

दक्षिण अफ्रीकी पारी का दूसरा ओवर भुवनेश्वर कुमार फेंकने आए। इस ओवर में डिकॉक और मलान ने मिलकर 16 रन बटोरे। डिकॉक ने इस ओवर में दो चौके और एक छक्का लगाया। एक रन सिंगल से और एक वाइड रहा। दक्षिण अफ्रीका ने दो ओवर के बाद बिना विकेट गंवाए 23 रन बना लिए हैं। डिकॉक 10 गेंदों पर 20 रन और यानेमन मलान दो रन बनाकर क्रीज पर हैं।

06:30 PM, 21-Jan-2022

मलान-डिकॉक मैदान पर

दक्षिण अफ्रीकी ओपनर्स यानेमन मलान और क्विंटन डिकॉक मैदान पर हैं। भारत ने दक्षिण अफ्रीका के सामने 288 रन का लक्ष्य रखा है। वहीं, पहला ओवर जसप्रीत बुमराह ने फेंका। एक ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने बिना विकेट गंवाए सात रन बना लिए हैं।

05:55 PM, 21-Jan-2022

दक्षिण अफ्रीका के सामने 288 रन का लक्ष्य

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने दक्षिण अफ्रीका के सामने 288 रन का लक्ष्य रखा है। पावरप्ले में अच्छी शुरुआत के बाद भारत ने दो विकेट जल्दी गंवा दिए थे। इसके बाद कप्तान राहुल ने पंत के साथ मिलकर पारी को संभाला और भारत का स्कोर 179 रन तक ले गए। इसके बाद फिर भारत के विकेट गुच्छे में गिरे और पिछले मैच की तरह मध्यक्रम लड़खड़ा गया। अंत में अश्विन और शार्दुल ठाकुर ने अच्छी साझेदारी कर भारत का स्कोर 300 के करीब पहुंचाया। अश्विन और शार्दुल ने सातवें विकेट के लिए 38 गेंद में 48 रन जोड़े। 

इस सीरीज में 1-1 की बराबरी करने के लिए भारत को यह मैच हर हाल में जीतना होगा। अगर टीम इंडिया यह मैच हार जाती है तो टेस्ट के बाद वनडे सीरीज भी गंवा देगी। 

 

05:38 PM, 21-Jan-2022

भारत का स्कोर 250 के पार

छह विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 250 के पार जा चुका है। शार्दुल और अश्विन क्रीज पर मौजूद हैं। शार्दुल एक बार फिर अच्छी पारी खेल रहे हैं और भारत का स्कोर 300 के करीब ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। भारत का स्कोर 275 के करीब जा चुका है। 

05:29 PM, 21-Jan-2022

भारत का छठां विकेट गिरा

फेहलुकवायो ने भारत को छठा झटका दिया है। वेंकटेश अय्यर 22 रन बनाकर उनका शिकार बने। एक बार फिर क्विंटन डिकॉक ने अपनी बेहतरीन विकेटकीपिंग से दक्षिण अफ्रीका को विकेट दिलाया है। पिछले मैच में भी उन्होंने इसी अंदाज में ऋषभ पंत को आउट किया था। फेहलुकवायो की लेग स्टंप के बाहर की गेंद पर अय्यर का संतुलन बिगड़ा और वो क्रीज से बाहर चले गए। इसी का फायदा उठाकर डिकॉक ने उन्हें स्टंप आउट कर दिया। 

04:57 PM, 21-Jan-2022

भारत का पांचवां विकेट गिरा

भारत की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है और अब क्रीज वेंकटेश अय्यर ही एकमात्र बल्लेबाज हैं। तबरेज शम्सी ने भारत को पांचवां झटका दिया। उनकी गेंद क्रीज पर पड़कर घूमी थी, लेकिन अय्यर गेंद की लाइन में ही खेल गए और एलबीडब्ल्यू आउट हुए। अंपायर ने उन्हें आउट नहीं दिया था, लेकिन अफ्रीकी टीम ने रिव्यू लिया, जो सफल रहा। अब वेंकटेश के साथ शार्दुल ठाकुर क्रीज पर मौजूद हैं। 

वेंकटेश को जीवनदान मिला

14 रन के स्कोर पर डुसेन ने वेंकटेश अय्यर का कैच छोड़ा है। एनगिडी की धीमी गेंद पर अय्यर ने हवा में शॉट खेला था और गेंद डुसेन के पास पहुंची थी, लेकिन उन्होंने कैच छोड़ दिया। इस पारी में अफ्रीकी टीम तीन कैच छोड़ चुकी है। भारत का स्कोर पांच विकेट के नुकसान पर 220 के पार जा चुका है। 

04:48 PM, 21-Jan-2022

भारत का स्कोर 200 के पार

चार विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 200 रन के पार जा चुका है। वेंकटेश और श्रेयस अय्यर क्रीज पर मौजूद हैं और भारतीय पारी को आगे ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। नौ गेंद के अंदर राहुल और पंत के आउट होने से अफ्रीकी टीम मैच में वापस लौटी है।

04:34 PM, 21-Jan-2022

पंत 85 रन बनाकर आउट

कप्तान राहुल के बाद ऋषभ पंत भी खराब शॉट खेलकर पवेलियन लौट चुके हैं। पंत ने 71 गेंदों में 85 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 10 चौके और दो छक्के लगाए। राहुल के आउट होने के बाद अफ्रीकी कप्तान तबरेज शम्सी को गेंदबाजी के लिए वापस लाए थे और शम्सी ने पहले ओवर में सफलता दिला दी। पंत ने एक बार फिर शम्सी के खिलाफ बड़ा शॉट लगाने की कोशिश की, लेकिन इस बार सफल नहीं हुए और मार्रकरम ने लॉग ऑन से भागकर बेहतरीन कैच पकड़ा। 

भारत के दो विकेट जल्दी गिरने से श्रेयस और वेंकटेश दोनों नए बल्लेबाज क्रीज पर मौजूद हैं। अब इन दोनों को ही भारत का स्कोर 300 के करीब ले जाने की कोशिश करनी होगी। 

04:28 PM, 21-Jan-2022

भारत का तीसरा विकेट गिरा

मगाला ने भारत को तीसरा झटका दिया है। उन्होंने कप्तान लोकेश राहुल को 55 रन के स्कोर पर आउट किया। राहुल ने 79 गेंद पर 55 रन की धीमी, लेकिन अहम पारी खेली। इस दौरान उन्होंने चार चौके लगाए। मगाला ने बहुत ही चतुराई के साथ धीमी गेंद की थी और राहुल यह समझ नहीं पाए। उन्होने ऑन साइड में शॉट खेलने की कोशिश की और सीधे डुसेन के हाथों में कैच थमा बैठे। 

04:10 PM, 21-Jan-2022

पंत और राहुल के बीच शतकीय साझेदारी

ऋषभ पंत और लोकेश राहुल के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है। ये दोनों भारत को मुश्किल स्थिति से निकाल चुके हैं और 96 गेंदों में 102 रन जोड़े हैं। पंत के बाद राहुल भी अपना अर्धशतक पूरा कर चुके हैं। ये दोनों भारत को काफी बेहतर स्थिति में ले आए हैं और टीम इंडिया का स्कोर 200 के करीब पहुंच रहा है। इस साझेदारी में पंत ने तेजी से रन बनाए हैं, जबकि राहुल एक छोर संभालकर खेल रहे हैं। हालांकि राहुल को इस पारी में तीन अहम जीवनदान भी मिले हैं। 

03:47 PM, 21-Jan-2022

पंत ने वनडे करियर का चौथा अर्धशतक लगाया, भारत का स्कोर 150 के पार

चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए ऋषभ पंत ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। पंत ने अपनी पारी में छह चौके और एक छक्का लगाया है। वनडे में यह उनका चौथा अर्धशतक है। उन्होंने 43 गेंद में 50 रन पूरे किए। पंत जब बल्लेबाजी करने आए थे, तब भारत का स्कोर 64 रन था और अब टीम इंडिया का स्कोर 150 के पार जा चुका है। आज ऋषभ पंत के पास अपने वनडे करियर का पहला शतक लगाने का बेहतरीन मौका है। 

राहुल को तीसरा जीवनदान मिला

अफ्रीकी टीम ने इस पारी में राहुल को तीसरा जीवनदान दिया है। उन्हें पहला जीवनदान आठ रन पर मिला था, जब यानेमन मलान ने उनका कैच छोड़ा था। इसके बाद 27 रन के स्कोर पर उन्हें दूसरा जीवनदान मिला, जब अफ्रीकी टीम ने उन्हें रन आउट करने का मौका गंवा दिया। इसके बाद 46 रन के स्कोर पर मार्रकरम ने उनका आसान कैच छोड़ दिया। खास बात यह है कि अफ्रीकी टीम के पास तीनों बार राहुल को आउट करने का आसान मौका था। 

03:39 PM, 21-Jan-2022

पंत और राहुल के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

लोकेश राहुल और ऋषभ पंत के बीच तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। धवन और विराट के जल्दी आउट होने के बाद इन दोनों खिलाड़ियों ने भारत को मुश्किल स्थिति से उबारा है और अब धीरे-धीरे भारत की पारी को आगे ले जा रहे हैं। भारत का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 115 रन के पार जा चुका है। राहुल 42 और पंत 35 रन बनाकर खेल रहे हैं। 

03:26 PM, 21-Jan-2022

भारत का स्कोर 100 के पार

दो विकेट के नुकसान पर भारत का स्कोर 100 रन के पार जा चुका है। लोकेश राहुल और ऋषभ पंत क्रीज पर जमे हुए हैं और स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ बड़े शॉट खेल रहे हैं। ये दोनों 39 गेंदों में 36 रन जोड़ चुके हैं। 

03:11 PM, 21-Jan-2022

राहुल को दूसरा जीवनदान

27 रन के स्कोर पर इस पारी में लोकेश राहुल का दूसरा जीवनदान मिला है। रन भागने के दौरान राहुल और पंत के बीच तालमेल गड़बड़ाया था और दोनों बल्लेबाज एक ही छोर पर पहुंच गए थे, लेकिन अफ्रीकी कप्तान तेम्बा बावुमा ने काफी तेज थ्रो किया। गेंदबाज केशव महाराज गेंद नहीं पकड़ पाए और बैकअप में फील्डर नहीं था। ऐसे में राहुल को क्रीज में वापस लौटने का मौका मिल गया। दूसरा जीवनदान मिलने के बाद राहुल बड़ी पारी खेल सकते हैं। इससे पहले यानेमन मलान ने आठ रन पर उनका कैच छोड़ा था। भारत का स्कोर 79/2 है। 

Source link