Rail Roko Andolan Live: पटरियों पर किसानों का जमावड़ा, नॉर्दन रेलवे बोला- अब तक 30 जगह असर

11:45 AM, 18-Oct-2021

रेल रोको आंदोलन: रुड़की में जीआरपी सतर्क, रेलवे स्टेशन पर बढ़ाई चौकसी

लखीमपुर खीरी की घटना के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की ओर से आज रेल रोको आंदोलन की घोषणा के बाद रुड़की में पुलिस के साथ जीआरपी भी सतर्क है।

दोपहर 12:00 बजे तक किसान रेलवे स्टेशन पर पहुंचेंगे

हालांकि अभी तक प्रदर्शनकारी किसान यहां नहीं पहुंचे हैं। भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष विजय शास्त्री ने बताया कि दोपहर 12:00 बजे तक किसान रेलवे स्टेशन पर पहुंचेंगे।

पुलिस के साथ ही जीआरपी भी अलर्ट

कृषि कानूनों के विरोध में चल रहे किसान आंदोलन और लखीमपुर खीरी में किसानों की हत्या के विरोध में भाकियू (टिकैत) ने 18 अक्तूबर को ट्रेनें रोकने की घोषणा की थी। भाकियू पदाधिकारियों की ओर से रेल रोको आंदोलन को सफल बनाने के लिए किसानों से संपर्क किया जा रहा है। इसे लेकर पुलिस के साथ ही जीआरपी भी अलर्ट हो गई है।

 

11:35 AM, 18-Oct-2021

रेल रोको आंदोलन: पंजाब में रेलवे ट्रैक पर उतरे किसान, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, पांच ट्रेनें रद्द

पंजाब में किसानों का रेल रोको आंदोलन शुरू हो गया है। विभिन्न जगहों पर किसान रेलवे ट्रैक पर जुट हैं। इस दौरान वहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है। भारी संख्या में पुलिसबल भी तैनात है। अमृतसर रेलवे स्टेशन पर किसानों का जमावड़ा हो गया है। ट्रेनों का संचालन पूरी तरह से ठप है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक दो ट्रेनों को देरी से चलाने की बात कही गई है। हालांकि रद्द नहीं किया गया है। अमृतसर-जयनगर और अमृतसर-श्री नांदेड़ साहिब ट्रेन देरी से चलेगी। देवी दासपुरा में भी किसान रेलवे ट्रैक पर धरने पर बैठ गए हैं।

पांच ट्रेनें रद्द

किसानों ने फिरोजपुर-लुधियाना और फिरोजपुर-फाजिल्का सेक्शन पर रेलवे ट्रैक पर धरना देना शुरू कर दिया है। इस सेक्शन पर चलने वाली पांच पैसेंजर ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। किसान कृषि कानूनों को रद्द करने और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री की बर्खास्तगी की मांग पर अड़े हैं। 

 

11:28 AM, 18-Oct-2021

कई ट्रेनें निरस्त, संयुक्त किसान मोर्चा ने आंदोलन को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत लगाई

किसान आंदोलन को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने कई ट्रेनों को निरस्त कर दिया है। लखनऊ जंक्शन मैलानी ट्रेन सोमवार को सीतापुर में ही टर्मिनेट कर दी जाएगी तथा मैलानी लखनऊ जंक्शन ट्रेन सीतापुर से ही चलाई जाएगी। सीतापुर मैलानी के बीच ट्रेन निरस्त रहेगी। ऐसे ही (05361-62) बहराइच मैलानी तथा (05357-58) बहराइच नानपारा ट्रेन को निरस्त कर दिया गया है। वहीं, आंदोलन को सफल बनाने के लिए किसान नेताओं ने पूरी ताकत लगा दी है। मोर्चे का फोकस इस बार पूर्वी यूपी पर ज्यादा है, क्योंकि यहां 27 सितंबर को भारत बंद का असर काफी कम देखा गया था।

लखीमपुर खीरी के तिकुनिया हिंसा के बाद किसानों ने पूरे प्रदेश में विरोध दर्ज कराया था। अब संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर रेल रोको आंदोलन हो रहा है। मोर्च की रणनीति है कि इस आंदोलन का पूरे प्रदेश में असर दिखे। लखीमपुर कांड के बाद किसानों का आक्रोश इस बार प्रदेश में पूर्वी हिस्सों में भी दिखा है। मोर्चा चाहता है कि यह आक्रोश किसानों में बना रहे। इसके लिए कई बार बैठकें कर आंदोलन की तैयारियां की गईं हैं।

11:20 AM, 18-Oct-2021

रेल रोको अभियान से पहले किसान किए नजरबंद

लखीमपुर खीरी कांड के विरोध में आगरा में किसान नेता चौधरी रामवीर सिंह, सौरभ चौधरी, सत्यवीर चौधरी और धर्मवीर चौधरी को नगला हवेली स्थित उनके आवास पर देर रात जीआरपी के जवानों ने नजरबंद कर लिया। उन्होंने सोमवार को राजामंडी स्टेशन पर रेल रोकने का एलान किया था। किसान नेताओं का कहना है कि भाजपा सरकार में आम लोगों की आवाज भी दबाई जा रही है। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री को हटाने तक आंदोलन जारी रहेगा।

11:03 AM, 18-Oct-2021

रेल रोको आंदोलन: आजमगढ़ में जय किसान आंदोलन के प्रदेश उपाध्यक्ष नजरबंद

संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर सोमवार को आजमगढ़ रेलवे स्टेशन पर रेल रोकने के लिए जा रहे जय किसान आंदोलन के प्रदेश उपाध्यक्ष राजनीति यादव को पुलिस ने नजरबंद कर दिया। वो घर से निकलने की तैयारी में थे। लेकिन थाना प्रभारी सरायमीर इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह ने उन्हें खानपुर स्थित आवास में ही नजरबंद कर दिया। राजनीति यादव ने कहा कि सरकार द्वारा तीनों कृषि कानून रद्द करने, एमएसपी पर गारंटी को लेकर किसानों का आंदोलन चल रहा है। लखीमपुर खीरी में गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा के बेटे ने कार से रौंद कर किसानों की निर्मम हत्या कर दी। लेकिन गृह राज्यमंत्री पर 120बी का मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अभी तक गिरफ्तारी न होना, पद पर बने रहना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। किसान मोर्चा के आह्वान पर सोमवार को पूरे प्रदेश में रेल रोको आंदोलन की अपील पर हम सभी किसान भाई आजमगढ़ रेलवे स्टेशन पर रेल रोकने जा रहे थे। लेकिन सुबह ही थाना सरायमीर इंस्पेक्टर द्वारा पुलिस फोर्स भेज पर मुझे घर पर ही नजरबंद कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश सरकार का यह रवैया अंग्रेजों के क्रूर व दमन पूर्वक शासन की याद  दिला रही है।

 

10:53 AM, 18-Oct-2021

ये अलग-अलग ज़िलों में अलग-अलग जगह होगा: टिकैत

भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने किसान संगठनों के रेल रोको आंदोलन पर कहा कि ये अलग-अलग ज़िलों में अलग-अलग जगह होगा। पूरे देश में वहां के लोगों को पता रहता है कि हमें कहां ट्रेन रोकनी है। भारत सरकार ने अभी हमसे कोई बात नहीं की है: 

 

10:46 AM, 18-Oct-2021

लखनऊ में धारा 144 लागू

किसान संगठनों द्वारा बुलाए गए रेल रोको आंदोलन में हिस्सा लेने वालों लोगों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी। लखनऊ पुलिस ने ज़िले में सीआरपीसी की धारा 144 लगाई गई है, अगर कोई सामान्य स्थिति को बाधित करने की कोशिश करता है तो उस पर एनएसए लगाया जाएगा। 



 

10:42 AM, 18-Oct-2021

बहादुरगढ़ में रेलवे ट्रैक जाम

लखीमपुर खीरी कांड के विरोध में प्रदर्शनकारियों ने हरियाणा के बहादुरगढ़ में रेलवे ट्रैक जाम कर दिया गया है। संयुक्त किसान मोर्चा ने घटना के विरोध में राष्ट्रव्यापी ‘रेल रोको’ का आह्वान किया है। 

10:34 AM, 18-Oct-2021

सोनीपत रेलवे स्टेशन पर रैपिड एक्शन फोर्स तैनात

लखीमपुर खीरी कांड के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा के ‘रेल रोको’ आह्वान के मद्देनजर हरियाणा के सोनीपत रेलवे स्टेशन पर रैपिड एक्शन फोर्स तैनात की गई है। 

10:29 AM, 18-Oct-2021

अमृतसर में प्रदर्शनकारी रेलवे ट्रैक पर बैठे

किसान संघ के ‘रेल रोको आंदोलन’ के आह्वान के बाद अमृतसर के देवी दासपुरा गांव में कृषि कानून के प्रदर्शनकारी रेलवे ट्रैक पर धरने पर बैठ गए।

10:25 AM, 18-Oct-2021

देशभर में किसानों का रेल रोको आंदोलन शुरू

देशभर में किसानों का रेल रोको आंदोलन शुरू हो गया है। हरियाणा के बहादुरगढ़ में किसान रेलवे ट्रैक पर बैठे हैं। इसके अलावा अमृतसर में भी किसानों ने ट्रैक पर कब्जा कर लिया है। 

10:22 AM, 18-Oct-2021

राज्यों में आज निकाली जाएंगी कलश यात्राएं

लखीमपुर हत्या मामले में न्याय की मांग करते हुए एक बार फिर संयुक्त किसान मोर्चा ने केंद्रीय राज्यमंत्री को बर्खास्त कर, गिरफ्तार करने की मांग की है। मोर्चा की ओर से जारी बयान में बताया गया है किलखीमपुर खीरी में जान गंवाने वाले किसानों की अस्थियों के साथ उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और दूसरे राज्यों में शहीद कलश यात्राएं निकाली जा रही है।

10:22 AM, 18-Oct-2021

केंद्रीय राज्यमंत्री को बर्खास्त करने की मांग

लखीमपुर खीरी में किसानों की मौत के मामले में न्याय और केंद्रीय राज्यमंत्री को बर्खास्त करने सहित दूसरी मांगों के समर्थन में किसानों ने आज रेल रोको कार्यक्रम की घोषणा की है। लखीमपुर खीरी में अपनी जान गंवाने वाले किसानों की अस्थियों के साथ उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब सहित अन्य राज्यों में कलश यात्राएं निकाली जाएंगी। एसकेएम ने विरोध के तहत देश भर के टोल प्लाजा, कॉरपोरेट मॉल और पेट्रोल स्टेशनों पर और भाजपा नेताओं के आवास के बाहर पक्के मोर्चे बनाए गए हैं। 

 

10:02 AM, 18-Oct-2021

रेल रोको आंदोलन Live: पटरियों पर किसानों का जमावड़ा, नॉर्दन रेलवे बोला- अब तक 30 जगह असर

संयुक्त किसान मोर्चा ने आज देशव्यापी रेल रोको कार्यक्रम का एलान किया है। सुबह 10 से शाम चार बजे के बीच छह घंटे के लिए रेल यातायात बाधित करने का फैसला लिया है। मोर्चा ने स्पष्ट किया है कि इस दौरान रेल संपत्ति को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा और विरोध पूरी तरह शांतिपूर्ण बनाए रखने की सभी संगठनों से अपील की है। उधर, भारतीय रेल के साथ ही पुलिस-प्रशान ने किसानों के आह्वान को देखते हुए तैयारी की है। 

Source link