‘तेजस्वी सूर्या गुंडागर्दी करते हैं, मछली खाते हैं’, भाजपा सांसद को लेकर ये क्या बोल गईं कंगना?

‘तेजस्वी सूर्या गुंडागर्दी करते हैं, मछली खाते हैं’, भाजपा सांसद को लेकर ये क्या बोल गईं कंगना?

ऐप पर पढ़ें

हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से एक्ट्रेस कंगना रनौत भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। उनके चुनाव में उतरने के बाद से ही वे लगातार अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में बनी हुई हैं, साथ ही उन्होंने मंडी सीट को भी देश की सबसे चर्चित सीटों में से एक बना दिया है। ऐसा ही एक बयान उन्होंने शनिवार को अपने चुनाव प्रचार के दौरान भी दिया। विपक्षी पार्टियों के शहजादों का जिक्र करते हुए उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधा और फिर इसके बाद तेजस्वी सूर्या का नाम लेते हुए उन्हें गुंडा और मछली खाने वाला बताया। जबकि तेजस्वी सूर्या खुद भाजपा नेता हैं और कर्नाटक से पार्टी के सांसद भी हैं। 

कंगना ने यह बात मंडी संसदीय सीट के सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र में कही। जहां उन्होंने जनसम्पर्क करने के साथ ही जनसभा को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा, ‘इनको खुद नहीं पता ये कहां आ रहे हैं और कहां जा रहे हैं, इस तरह के बिगड़े हुए शहजादों की एक पार्टी है, चाहे वो राहुल गांधी हो जाएं, जिनको चांद पर आलू उगाने हों या तेजस्वी सूर्या हो जाएं, जो अपनी गुंडागर्दी करते हैं, मछली उछाल-उछाल कर खाते हैं।’

आगे अपनी बात जारी रखते हुए उन्होंने कहा- ‘या अखिलेश यादव हो जाएं, जो अपनी तरह की ऊटपटांग बातें करते हैं, या फिर हमारे यहां भी एक शहजादें हैं, जिनको अभी भारत में कोई जानता नहीं था, सिर्फ हिमाचल प्रदेश में जानते थे। लेकिन अब उन्होंने कुछ ऐसी टिप्पणियां की हैं कि ये महिला (कंगना) जो है अपवित्र है, जबकि मैं पद्मश्री अवॉर्डी हूं, तब भी उन्होंने मुझे कहा कि ये अपवित्र है और इसको यहां से चले जाना चाहिए। ये हमारे लिए चिंतनीय बात है, नींदनीय बात है।’

इस तेजस्वी का जिक्र करना चाहती थीं कंगना

दरअसल कंगना रनौत RJD (राष्ट्रीय जनता दल) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बेटे और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव का नाम लेना चाहती थीं, जिन्होंने कुछ दिन पहले ही चुनाव प्रचार के दौरान मछली खाने वाला वीडियो शेयर किया था। यह वीडियो उन्होंने चैत्र नवरात्रि के पहले दिन शेयर किया था, जिसके चलते उनकी काफी आलोचना भी हुई थी। लेकिन जुबान फिसलने की वजह से कंगना ने तेजस्वी यादव की जगह तेजस्वी सूर्या कह दिया। 

कौन हैं तेजस्वी सूर्या?

तेजस्वी सूर्या भाजपा के युवा नेता हैं, जो कि 2019 के लोकसभा चुनावों में बेंगलुरु दक्षिण सीट से सांसद चुने गए थे। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के बीके हरिप्रसाद को 3.31 लाख वोटों से हराया था। यह चुनाव उन्होंने मात्र साढ़े 28 साल की उम्र में जीता था, और इस तरह वे भाजपा का प्रतिनिधित्व करने वाले सबसे कम उम्र के सांसद बने थे। तेजस्वी 26 सितंबर 2020 से भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं। पार्टी ने एकबार फिर सूर्या को बेंगलुरू दक्षिण सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है।

Source link