हेमा का मर्डर करने वाली पायल का कबूलनामा: सीरियल किलिंग की रच रही थी साजिश, 5 मर्डर के बाद प्रेमी को भी लगाने वाली थी ठिकाने

हेमा का मर्डर करने वाली पायल का कबूलनामा: सीरियल किलिंग की रच रही थी साजिश, 5 मर्डर के बाद प्रेमी को भी लगाने वाली थी ठिकाने

गौतम बुद्ध नगर13 मिनट पहले

“मैं डेढ़ साल से अपने माता-पिता के सुसाइड का बदला लेने की कोशिश कर रही हूं। मैं भी उन्हें उसी तरह तड़पकर मरता हुआ देखना चाहती थी, जैसे मेरे माता-पिता मरे। इसके लिए मैं खुद को मरा हुआ साबित कर सभी को ठिकाने लगा देती।” ये कहना है प्रेमी के साथ मिलकर एक युवती हेमा का मर्डर करने वाली पायल की।

पायल ने ये कभी नहीं सोचा था कि जिस ‘कबूल है’ सीरियल को देखकर वो अपना बदला लेने का प्लान बना रही है वही उसे पुलिस की गिरफ्त तक पहुंचा देगा। उसने सीरियल देखकर खुद को मार तो लिया, लेकिन बहुत जल्द पुलिस ने उसको जिंदा पकड़ लिया। सीरियल में लड़की ऐसे ही खुद को मरा दिखाकर अपने विरोधियों को खत्म करती है और पुलिस उसे पकड़ नहीं पाती है।

यह मृतका हेमा की फोटो है।

यह मृतका हेमा की फोटो है।

पायल अपनी भाभी, उनके दो भाई और बुआ के बेटे सुनील को मारने के बाद इस पूरी घटना में उसका साथ देने वाले अजय को भी मार देती। उसने इस काम के लिए हथियारों को भी खरीदना शुरू कर दिया। जब वो सबको खत्म कर देती उसके बाद नई पहचान के साथ आर्मी ज्वॉइन करने की तैयारियों में जुट जाती। ये सारी बातें पायल ने खुद पुलिस के सामने कबूल की हैं।

माता-पिता की आत्महत्या के बाद से पायल बदला लेना चाहती थी
पायल दादरी थाना क्षेत्र के बढ़पुरा गांव की रहने वाली है। गांव की ये लड़की अपने माता-पिता और दो भाइयों के साथ घर में रहती थी। परिवार में बहुत खुशियां थीं। पढ़ाई-लिखाई के साथ पायल घर के काम भी करती थी। खाली समय में क्राइम सीरीज देखती थी। इसी बीच 2020 में पायल के बड़े भाई की शादी हो जाती है और यहीं से परिवार की कहानी बिगड़ने लगती है। बड़े भाई की शादी के डेढ़ साल बाद ही पायल के माता-पिता पैसे और घर में होने वाले झगड़ों की वजह से सुसाइड कर लेते हैं। माता-पिता की सुसाइड के पीछे पायल अपनी भाभी उनके दो भाइयों और अपने बुआ के लड़के को दोषी मानती है और उन्हीं को मारने का प्लान उसी दिन से बनाने लगती है। वो इन लोगों के खिलाफ केस भी दर्ज करवाती है, लेकिन सभी जमानत पर बाहर आ जाते हैं।

अब पढ़िए आखिर क्यों रची पायल ने हेमा की हत्या की कहानी…

माता-पिता को खोने के बाद पायल किसी से नहीं मिलती थी। वो ज्यादातर अकेले ही रहा करती थी। उसका एक फेसबुक दोस्त था अजय, जिससे वो सबसे ज्यादा बात किया करती थी। बात-बात करते दोनों की करीबियां बढ़ गईं। अजय बुलंदशहर का रहने वाला था। पायल के लिए अजय अपनी पत्नी और दोनों बच्चों को छोड़ने के लिए भी तैयार था। पायल को अब अजय पर पूरा भरोसा हो गया था तो उसने बदला लेने के लिए अजय को ही अपना पार्टनर बना लिया। हालांकि, वो सब को मारने के बाद अजय को भी खत्म करने वाली थी।

ये पायल के माता-पिता हैं। जिनसे वो बहुत प्यार करती थी।

ये पायल के माता-पिता हैं। जिनसे वो बहुत प्यार करती थी।

पायल के माता-पिता ने जहर खाकर जुलाई 2021 में जान दी थी। दरअसल, बड़े बेटे की शादी के लिए पायल के पिता ने अपनी बहन के बेटे सुनील से 5 लाख रुपए उधार लिए थे। वहीं पायल की भाभी स्वाति भी उसके घर आकर माता-पिता को परेशान करती थी। भाभी स्वाति अपने ससुर को रेप में फंसाने की धमकी दिया करती थी। घर में भी झगड़े किया करती थी। वहीं सुनील भी उनको पैसों के लिए धमकाया करता था। इसी बात से परेशान होकर पायल के माता-पिता ने सुसाइड कर लिया था। घटना के बाद से पायल की भाभी भी उस घर से चली गई थी। अब घर में बस दो भाई और पायल बची थी।

पायल के दिमाग में लगातार अपनी भाभी, उसके दो भाइयों और सुनील को मारने का प्लान चल रहा था। वो अजय से पूरा प्लान भी डिस्कस कर चुकी थी। बस उसको इंतजार था अपनी कद-काठी से मैच खाती लड़की के मिलने का। इस काम के लिए उसने अजय को लगा रखा था। अजय फेसबुक, इंस्टाग्राम सब जगह ऐसी लड़की की तलाश कर चुका था, लेकिन उसको वैसी लड़की कहीं नहीं मिली। फिर अजय और पायल की तलाश 12 नवंबर 2022 को पूरी हो गई।

ये अजय है जिसकी मदद से पायल ने हेमा को मारा और आगे भी लोगों को मारने वाली थी।

ये अजय है जिसकी मदद से पायल ने हेमा को मारा और आगे भी लोगों को मारने वाली थी।

अजय ने गौर सिटी मॉल में काम करने वाली हेमा को देखा तो वो उसे लगभग पायल की तरह लग रही थी। उसने हेमा की डीटेल निकलवाई। इसमें सामने आया कि वो कॉलगर्ल भी है। बस अब अजय किसी भी तरह से हेमा को साथ ले जाने में लग गया। उसने हेमा से फोन पर बात की। सारी चीजें फिक्स होने के बाद वो उसको रात में करीब 9 बजे लेने गौर सिटी मॉल पहुंच गया। वहीं घर में पायल ने अपने दोनों भाइयों को नींद की गोलियां खिला दीं, जिससे वो गहरी नींद में सोते रहे।

पुलिस ने पायल के पास से हथियार भी बरामद किए हैं।

पुलिस ने पायल के पास से हथियार भी बरामद किए हैं।

करीब आधे घंटे के बाद अजय हेमा को लेकर पायल के घर पहुंचा। घर में पायल ने सारी तैयारियां कर रखी थीं। हेमा के घर के अंदर जाते ही उसका गला काट दिया जाता है। जब हेमा मर गई तब पायल ने उसके चेहरे पर खौलता हुआ तेल डाल दिया। गर्दन के निशान को मिटाने के लिए वहां पर भी गर्म तेल डाल दिया। फिर उसे अपने कपड़े हेमा दिए।

उसके बाद पायल अपने भाइयों के लिए एक लेटर लिखती है। इसमें वो कहती है, खाना बनाते समय मेरा चेहरा जल गया है। मैं इस चेहरे के साथ नहीं रह पाऊंगी इसलिए जान दे रही हूं। इसके बाद अजय और पायल हेमा का शव खींचकर किचन में ले आते हैं और लेटर भी वहीं पर डाल देते हैं। फिर दोनों लोग घर से भागकर बुलंदशहर चले जाते हैं। वो लोग हेमा के कपड़े और हत्या करने वाले हथियार को भी ठिकाने लगा देते हैं।

ये वही लेटर है जो पायल ने हेमा के शव के पास छोड़ा था।

ये वही लेटर है जो पायल ने हेमा के शव के पास छोड़ा था।

इसी बीच दोनों भाई बहन का लेटर मिलने के बाद हेमा को अपनी बहन समझ लेते हैं। फिर बिना किसी पुलिस शिकायत के 13 नवंबर को उसका अंतिम संस्कार कर देते हैं। इस पूरी घटना के बाद पायल को लगता है कि वो अपने प्लान में पास हो गई, लेकिन ऐसा नहीं था। कहानी में नया मोड़ तब आता है, जब हेमा का भाई बहन की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाता है और पुलिस जांच करते हुए पायल के घर पहुंच जाती है।

घर पर पुलिस को हेमा तो नहीं मिलती है, पर उसकी हत्या के सबूत मिले
पुलिस जब जांच करते हुए पायल के घर पहुंचती है तो उसको पता चलता है इस घर में एक सुसाइड हुआ है। ये सुसाइड भी उसी दिन हुआ जिस दिन हेमा गायब हुई थी। पुलिस को हेमा के फोन की आखिरी लोकेशन पायल के घर के पास की ही मिलती है। यहीं से पुलिस की जांच की सुई घूम जाती है। पुलिस को हेमा के भाई ने बताया था, हेमा गौर सिटी मॉल में काम करती थी। पुलिस इसी आधार पर मॉल से लेकर पायल के घर तक लगे सारे CCTV खंगालती है। इसमें पुलिस को अजय और हेमा साथ में दिखाई देते हैं। पुलिस अजय के बारे में जानकारी निकालती है तो उसकी भी आखिरी लोकेशन पायल का घर आती है।

पुलिस एक बात समझ जाती है इस पूरी घटना में अजय और पायल का कोई तो कनेक्शन है। वहीं पायल और अजय 20 नवंबर को आर्य समाज मंदिर में जाकर शादी कर लेते हैं। दोनों एक किराए के कमरे में रहने लगते हैं। वो लोग नोएडा और बुलंदशहर के चक्कर काटते रहते थे।

पुलिस अपनी जांच तेजी से आगे बढ़ाती है। गांव वालों से पूछताछ करती है। ग्रामीण बताते हैं, 12 नवंबर को ही पायल ने भी सुसाइड किया था। उसके भाइयों ने बिना किसी कार्रवाई के उसका अंतिम संस्कार कर दिया था। पोस्टमॉर्टम भी नहीं हुआ था। पुलिस अब भाइयों से पूछताछ करती है। जिसमें एक सुसाइड लेटर मिलने की बात सामने आती है। पुलिस सुसाइड नोट पढ़ती है तो उसको मामला गड़बड़ लगता है। 30 नवंबर को पुलिस को अजय गौर सिटी मॉल के पास मिल जाता है। साथ में पायल को देखकर पुलिस भी दंग रह जाती है। पुलिस दोनों को थाने ले आती है। जहां पूरे क्राइम का पायल खुलासा करती है।

पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर पूरी घटना का खुलासा किया है।

पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर पूरी घटना का खुलासा किया है।

Source link