Coronavirus Live: दिल्ली में 24 घंटों में मिले 93 नए मामले, सक्रिय मरीज अब 1357

05:08 PM, 01-Jul-2021

दिल्ली: 93 नए मामले, 111 संक्रमित ठीक हुए

दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 93 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में यहां 111 लोग ठीक हुए तो चार संक्रमितों की मौत हो गई। केंद्र शासित प्रदेश में अब तक कोविड-19 के कुल 14 लाख 34 हजार 281 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 14 लाख सात हजार 943 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं, अब तक इस बीमारी के चलते कुल 24,981 लोगों की जान जा चुकी है। दिल्ली में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या अब 1357 हो गई है।

04:49 PM, 01-Jul-2021

टीकों को लेकर किसी राज्य से भेदभाव नहीं: सीतारमण

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को बंगलूरू में कहा कि टीका आवंटन को लेकर केंद्र सरकार की ओर से किसी राज्य के साथ भेदभाव नहीं हो रहा है। हर राज्य को उसके जनसंख्या घनत्व या खतने वाली आबादी की संख्या के आधार पर टीके आवंटिक किए हए हैं। उन्होंने कहा कि टीकों के मामले में सभी राज्यों का ध्यान रखा जाएगा। मैं यह आश्वासन देना चाहती हूं कि सभी का टीकाकरण होगा। 

04:37 PM, 01-Jul-2021

कैडिला: इस साल टीके की 10 करोड़ खुराकों का लक्ष्य

कैडिला हेल्थकेयर के प्रबंध निदेशक (एमडी) शार्विल पटेल ने कोरोना रोधी जायकोव-डी (ZyCoC-D) टीके के उत्पादन रोडमैप को लेकर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अगस्त से हमें टीके की एक करोड़ खुराकों के उत्पादन की और इस साल दिसंबर तक इसे बढ़ाकर प्रतिमाह पांच करोड़ करने की उम्मीद है। हमारा लक्ष्य इस साल 10 करोड़ खुराकों का उत्पादन करना है।

04:23 PM, 01-Jul-2021

राजकोट: 237 बच्चों ने कोविड के कारण माता-पिता या दोनों को खोया

गुजरात के राजकोट जिले में कम से कम 237 बच्चों ने कोरोना के कारण अपने माता, पिता या दोनों को खोया है। जिला बाल संरक्षण कार्यालय के अनुसार ज्यादातर लोगों की मौत कोविड-19 की दूसरी लहर में हुई। जिला बाल संरक्षण कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार, राजकोट में 193 बच्चों के माता या पिता महामारी की भेंट चढ़ गए और 44 बच्चों के माता और पिता दोनों की मौत हो गई।

04:11 PM, 01-Jul-2021

बंगलूरू: कोविड से जान गंवाने वाले डॉक्टरों की याद में बनेगा स्मारक

कोरोना वायरस महामारी से मुकाबले के दौरान ‘शहीद’ होने वाले डॉक्टरों और चिकित्साकर्मियों के सम्मान में बंगलूरू में अपने तरह का पहला ‘कोविड योद्धा स्मारक’ स्थापित किया जाएगा। कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. के सुधाकर ने गुरुवार को यह जानकारी दी। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर आयोजित एक समारोह में सुधाकर ने कहा, ‘हमारे आरोग्य सौध परिसर में, अपनी सेवा देते हुए कोविड से जान गंवाने वाले डॉक्टरों के सम्मान में, हम एक स्मारक का निर्माण करेंगे। मुझे लगता है कि यह देश में पहला ऐसा स्मारक होगा।’

04:03 PM, 01-Jul-2021

राज्यों के पास टीकों की 1.24 करोड़ से ज्यादा खुराकें हैं: केंद्र

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास अब भी कोविड-19 रोधी टीके की 1.24 करोड़ से ज्यादा खुराकें उपलब्ध हैं। अगले तीन दिनों में उन्हें 94 लाख 66 हजार 420 और खुराकों की आपूर्ति की जाएगी। मंत्रालय ने कहा कि भारत सरकार (मुफ्त तरीके से) और राज्यों की सीधी खरीद की श्रेणी से अब तक राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को 32.92 करोड़ खुराकों की आपूर्ति की गयी है। इनमें बर्बाद हुई 31 करोड़ 67 लाख 50 हजार 891 खुराकें भी शामिल हैं।

 

03:48 PM, 01-Jul-2021

कोरोना अनुरूप व्यवहार का और जागरूकता से पालन करें: पीएम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि मैं आप सबसे और अधिक जागरूकता के साथ कोविड अनुरूप व्यवहार का पालन करने की अपील करता हूं। इन दिनों, चिकित्सा क्षेत्र के लोग योग को प्रोत्साहित करने के लिए आगे आ रहे हैं। कई आधुनिक चिकित्सा विज्ञान के संस्थान इस बात पर अध्ययन कर रहे हैं कि योग किस तरह कोविड के बाद होने वाली समस्याओं से लड़ने में मदद कर रहा है।

03:25 PM, 01-Jul-2021

दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में लगने लगा स्पूतनिक टीका

दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल ने आम जनता के लिए चरणबद्ध तरीके से स्पूतनिक वी वैक्सीन का टीकाकरण शुरू कर दिया है। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि आज करीब 1000 लोगों को यह रूसी टीका लगाया गया। हालांकि, अभी स्पॉट रजिस्ट्रेशन और वॉक-इन सुविधा शुरू नहीं की गई है। अस्पताल ने कहा कि हम लाभार्थियों को कोविन एप के जरिए पंजीकरण कराने और समय लेने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।

03:07 PM, 01-Jul-2021

यूरोप में फिर कोरोना की लहर

दुनिया भर में पिछले डेढ़ साल से कोरोना वायरस का कहर जारी है। यूरोप में कोरोना संक्रमण में 10 हफ्ते की गिरावट के बाद एक बार फिर उछाल देखा जा रहा है। महामारी एक बार फिर रफ्तार पकड़ती नजर आ रही है। विश्व स्वास्थ्य संगठन और यूरोप एजेंसियों के हवाले से यह जानकारी मिली। 

02:30 PM, 01-Jul-2021

झारखंड में वैक्सीन की किल्लत

झारखंड की राजधानी रांची में वैक्सीन अभियान के दौरान वैक्सीनेशन की कमी का देखने को मिल रही है। वैक्सीन सेंटर इंचार्ज ने बताया, ”कोविशील्ड वैक्सीन खत्म हो गई है। हमारे पास कोवाक्सिन है। अब हम कोवाक्सिन लगा रहे हैं। कोविशील्ड की कल तक हमारे सेंटर में आने की उम्मीद है।”

 

 

11:01 AM, 01-Jul-2021

स्पूतनिक लाइट को फेज-3 ट्रायल की नहीं मिली अनुमति

भारतीय दवा नियामक संस्था ने डॉ. रेड्डीज को भारत में स्पुतनिक लाइट के तीसरे चरण के ट्रायल की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। सूत्रों से यह जानकारी मिली।

 

 

10:07 AM, 01-Jul-2021

कोरोना: इन राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन

देश के इन 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यहां कोरोना प्रसार को रोकने के लिए लागू पाबंदियों के साथ ही कई क्षेत्रों में छूट भी दी गई है। इनमें केरल, बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

10:04 AM, 01-Jul-2021

इन राज्यों में लॉकडाउन जैसी  पाबंदियां 

देश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर एक बार फिर रफ्तार पकड़ती नजर आ रही है। इसके चलते राज्यों ने अपने यहां सख्ती बढ़ा दी है। वहीं देश के 10 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, कर्नाटक, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लागू हैं। 

09:51 AM, 01-Jul-2021

चिंता: कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़ी

देश में कोरोना वायरस के मामलों और संक्रमण से होने वाली मौत के आंकड़ों में फिर से उछाल आया है। पिछले 24 घंटे में 1005 लोगों की मौत हो गई। इससे एक दिन पहले यानी बुधवार को 817 मरीजों की जान गई थी। इसके साथ ही देश में मरने वालों की संख्या 3,99,459 पहुंच गई।

09:34 AM, 01-Jul-2021

कोरोना: 24 घंटे में मिले 48,786 नए केस

देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में गुरुवार को फिर वृद्धि दर्ज की गई। देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 48,786 नए मरीज मिले। इस दौरान 61,588 मरीज संक्रमण को मात देकर अपने घर लौट गए। देश में फिलहाल  5,23,257 एक्टिव केस हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी। 

 

 

Source link