Delhi NCR Weather Today Live: दिल्ली में बारिश ने तोड़ा 18 साल का रिकॉर्ड, एनसीआर में जगह-जगह जलभराव

11:00 AM, 11-Sep-2021

राजस्थान में तीन दिन तक भारी बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान के उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, सिरोही, राजसमंद, चित्तौडगढ़़ व झालावाड़ में अगले तीन दिन तक भारी बरसात हो सकती है। 

10:45 AM, 11-Sep-2021

पिछले माह कमजोर रहा मानसून

अगस्त महीने में 24 फीसद कम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने शुक्रवार को कहा कि यह 12 वर्षो में न्यूनतम है। देश में कमजोर मानसून के दो बड़े सप्ताह नौ से 16 अगस्त और 23 से 27 अगस्त साबित हुए। 

10:34 AM, 11-Sep-2021

13 जुलाई को दिल्ली में आया था मानसून

दिल्ली में 13 जुलाई को मानसून की एंट्री हुई। यह 19 साल की सबसे देरी से पहुंचा। इसके बावजूद यहां 16 दिन बारिश हुई, जो चार साल में सबसे ज्यादा है। अगस्त में सिर्फ 10 दिन बारिश हुई जो सात साल में सबसे कम है। वहीं, सितंबर में अब तक 248.9 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि आमतौर पर दिल्ली में सितंबर में 129.8 मिमी बारिश होती है।

 

10:20 AM, 11-Sep-2021

इस सीजन में औसत से दोगुनी बारिश दर्ज

मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में 1 जून से मानसून शुरू होता है। बरसात के पूरे सीजन में यहां औसतन 649.8 मिमी बारिश होती है। बात 1 जून से 10 सितंबर तक की करें तो औसतन 586.4 मिमी बारिश होती है। इस बार यह आंकड़ा 10 सितंबर को 1005.3 पर पहुंच गया। इससे पहले यहां 2003 में 1005 मिमी बारिश दर्ज की गई थी।

10:06 AM, 11-Sep-2021

जलवायु परिवर्तन के कारण बदल रहा मानसून पैटर्न

स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष ने बताया कि जलवायु परिवर्तन के चलते मानसून पैटर्न में बदलाव हो रहा है। अब सिर्फ 24 घंटे में 100 मिमी तक बारिश हो रही है। पहले इतनी बारिश 10 से 15 दिन में होती थी। ऐसी बारिश से ग्राउंडवॉटर रिचार्ज नहीं होता और निचले क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति हो जाती है।

10:04 AM, 11-Sep-2021

दिल्ली में सुबह से भारी बारिश, 24 डिग्री दर्ज किया गया न्यूनतम तापमान

दिल्ली में शनिवार सुबह से ही भारी बारिश हो रही है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह जानकारी मौसम विभाग ने दी। 

09:54 AM, 11-Sep-2021

मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को भी दिल्ली-एनसीआर में हल्की से तेज बारिश होने का अनुमान है। इसके लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक दिल्ली, NCR, हरियाणा और UP के कई इलाकों में आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है।

09:39 AM, 11-Sep-2021

18 साल में पहली बार मानसून में 1000 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज

देश की राजधानी में शुक्रवार रात से बारिश हो रही है। दिल्ली में इस साल भले ही मानसून ने देर से दस्तक की हो, लेकिन इसने 18 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। राजधानी दिल्ली में इस मानसून सीजन में अब तक 1005.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। यह 2010 के बाद से पहली बार है, जब दिल्ली में बारिश ने मानसून में 1000 मिमी का आंकड़ा पार किया। इससे पहले 1 सितंबर को दिल्ली में 19 साल बाद एक दिन की ज्यादा बारिश का रिकॉर्ड बना था।

 

09:22 AM, 11-Sep-2021

मुंबई में भी हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान

मुंबई में भी हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया गया है। बीएमसी ने बताया कि मुंबई शहर और उपनगरीय इलाकों के कुछ हिस्सों में रुक-रुककर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने का अनुमान है। 

 

09:16 AM, 11-Sep-2021

पंजाब के कई शहरों में भारी बारिश

पंजाब के भी कई शहरों में भारी बारिश हो रही है। इसकी वजह से जलालाबाद, पठानकोट और अमृतसर में जलभराव की स्थिति बन गई है। अमृतसर में तो सुबह पांच बजे से भारी बारिश हो रही है। 

08:59 AM, 11-Sep-2021

दिल्ली के मधु विहार इलाके में भारी जलभराव

भारी बारिश से दिल्ली के मधु विहार इलाके में जलभराव हो गया है। इसकी वजह से डीटीसी बसों के पहिये पानी में डूब गए हैं। 

 

08:53 AM, 11-Sep-2021

आईएमडी ने दी यह जानकारी

आईएमडी ने अपने ट्वीट में लिखा कि दिल्ली के कई इलाकों और एनसीआर यानी बहादुरगढ़, गुरुग्राम, मानेसर, फरीदाबाद, बल्लभगढ़, लोनी देहात, हिंडन एयरफोर्स स्टेशन, गाजियाबाद, छपरौला, नोएडा, दादरी, ग्रेटर नोएडा, करनाल, आसंध, पानीपत, गोहाना, गन्नौर, सोनीपत, खरखोदा, जींद, रोहतक, झज्जर में शनिवार को भारी बारिश हो सकती है। 

08:37 AM, 11-Sep-2021

आफत की बारिश: दिल्ली में बारिश ने तोड़ा 18 साल का रिकॉर्ड, एनसीआर में जगह-जगह जलभराव, जानें पूरे देश का हाल

दिल्ली-एनसीआर में शनिवार (11 सितंबर) सुबह से ही मूसलाधार बारिश हो रही है। इसकी वजह से कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया है। आईएमडी का अनुमान है कि दिल्ली के अलावा गुरुग्राम, नोएडा, फरीदाबाद, करनाल और मानेसर आदि में शनिवार को पूरे दिन भारी बारिश हो सकती है। इसके चलते आईएमडी ने ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग ने भारी बारिश के दौरान 20 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का भी अनुमान जताया है।

Source link