Lakhimpur Kheri Violence Live: शवों के पोस्टमार्टम के लिए गठित हुई तीन डॉक्टरों की टीम, प्रियंका की रिहाई के लिए कांग्रेसी कर रहे प्रदर्शन

04:52 PM, 04-Oct-2021

अलीगढ़ में भी किसान आक्रोशित

लखीमपुर खीरी की घटना के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले किसान संगठनों ने अलीगढ़ के आंबेडकर पार्क में सुबह 10 बजे से धरना दिया। सुबह 11 बजे करीब 70-80 किसान पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट रवाना हुए। रास्ते में पुलिस ने रोकने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं रुके। कलेक्ट्रेट के वीआईपी गेट पहुंच गए और गेट पर ही भाकियू टिकैत के पूर्व जिलाध्यक्ष विमल तोमर के नेतृत्व में धरना दिया।

 

04:39 PM, 04-Oct-2021

पश्चिमी यूपी में सरकार के खिलाफ नारेबाजी

लखीमपुर खीरी प्रकरण को लेकर देश भर में किसान संगठनों और कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। पश्चिमी यूपी में भारतीय किसान यूनियन ने इस घटना का विरोध जताते हुए आज वेस्ट यूपी के सभी जिलों में कलक्ट्रेट का घेराव करने का एलान किया। इस दौरान मेरठ व आसपास के जिलों में किसान कार्यकर्ता कलक्ट्रेट पर एकत्र हुए और धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। 

 

03:42 PM, 04-Oct-2021

पोस्टमार्टम के लिए तीन डॉक्टरों की टीम गठित

लखीमपुर खीरी हिंसा में मारे गए लोगों के शव के पोस्टमार्टम के लिए तीन डॉक्टरों की टीम गठित की गई है।

03:25 PM, 04-Oct-2021

करनाल हाईवे किया किसानों ने जाम

लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा के विरोध में सोमवार को करनाल हाईवे को किसानों ने जाम किया हुआ है।

03:17 PM, 04-Oct-2021

मथुरा में पुलिस ने कांग्रेसियों से छीना मुख्यमंत्री योगी का पुतला

लखीमपुर खीरी में हुई घटना के बाद मथुरा के कांग्रेस महानगर कार्यालय पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बनाए गए प्रतीकात्मक पुतले को जलाने से पूर्व पुलिस ने उसे कांग्रेसियों से छीन लिया। पुलिस द्वारा कांग्रेसियों से पुतला छीनने के बाद कांग्रेसियों ने होली गेट पर बैठकर प्रदर्शन किया। इस दौरान जिला अध्यक्ष चौधरी भगवान सिंह वर्मा महानगर अध्यक्ष एमएम शर्मा युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष यतींद्र मुकदम सहित दर्जनों कांग्रेसी एकत्रित थे।

02:59 PM, 04-Oct-2021

देहरादून: हरीश रावत पुलिस लाइन पर धरने पर बैठे

लखीमपुर खीरी की घटना और प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में देहरादून में प्रदर्शन कर रहे हरीश रावत गिरफ्तार। लगभग 80 कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता भी हिरासत में लिए गए हैं। हरीश रावत पुलिस लाइन में धरने पर बैठे हैं।

02:41 PM, 04-Oct-2021

संभल में कांग्रेस ने मुख्यमंत्री का पुतला फूंका, पुलिस ने सख्ती कर पुतला छीना

लखीमपुर खीरी में हुई घटना के विरोध में ज्ञापन देने पहुंचे संभल के कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री का पुतला जला दिया। मौके पर मौजूद कई थानों की पुलिस ने किसी तरह पुतले में लगी आग को बुझाकर कब्जे में किया और एक कांग्रेसी को हिरासत में ले लिया। इसके बाद कांग्रेसियों ने हंगामा शुरू कर दिया। कांग्रेसियों ने मांग की है कि सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जाए या फिर हिरासत में लिए गए एक कांग्रेसी को छोड़ दिया जाए। मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक और एसडीएम पहुंचे हंगामा कर रहे कांग्रेसियों को तहसील में वार्ता के लिए बुलाया है। संभल के यशोदा चौराहे पर सोमवार को दोपहर करीब 1.30 बजे कांग्रेसी ज्ञापन देने के लिए पहुंचने वाले थे। एहतियाती तौर पर कई थानों की पुलिस मौके पर मुस्तैद कर दी गई थी। कांग्रेसी अपने साथ मुख्यमंत्री का पुतला लेकर आए थे। कांग्रेसियों ने का एकत्र होते ही मुख्यमंत्री के पुतले में आग लगा दी और सरकार विरोधी नारे लगाने शुरू कर दिए। मौके पर मौजूद पुलिस को जब मुख्यमंत्री का पुतला जलाने की जानकारी हुई तो कांग्रेसियों के साथ सख्ती बरतनी शुरू कर दी और हाथों से ही पुतले में लगी आग को बुझा दिया। कांग्रेस कार्यकर्ता शानू खान को हिरासत में लेकर संभल कोतवाली भेज दिया। इसी बात पर कांग्रेसी आक्रोशित हो उठे और हंगामा करने लगे। मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार जायसवाल और एसडीएम दीपेंद्र यादव पहुंचे। हंगामा कर रहे कांग्रेसियों को समझाया और तहसील में वार्ता करने के लिए ले गए हैं। अभी अधिकारियों और कांग्रेस के बीच वार्ता चल रही है।

02:29 PM, 04-Oct-2021

बुलंदशहर: पुतला छीनने पहुंचे सादावर्दी सिपाही के साथ की मारपीट

खुर्जा के जेवर हवाई अड्डा चौराहे पर लखीमपुर खीरी में हुई घटना के विरोध में भाकियू कार्यकर्ता सरकार का पुतला दहन करने की तैयारी कर रहे थे। जानकारी होने पर खुर्जा कोतवाल नीरज कुमार फाेर्स के साथ पहुंचकर उनसे बात करने लगे। इसी दौरान कोतवाली से पहुंचे सादा वर्दी में एक सिपाही ने उनके हाथ से पुतला छीन लिया और लेकर भागने लगा। कार्यकर्ताओं ने उसका पीछा करते हुए उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। मौके पर पहुंचे सीओ संग्राम सिंह ने किसी तरह मामला शांत कराया।

02:14 PM, 04-Oct-2021

अखिलेश यादव हुए रिहा

अपने घर के बाहर से हिरासत में लिए गए यूपी के पूर्व सीएम व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को पुलिस ने रिहा कर दिया है। ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया ने अखिलेश यादव को रिहा करते हुए उनसे कहा कि आप अब जा सकते हैं। लेकिन उन्हें अब भी लखीमपुर खीरी जाने की इजाजत नहीं है।

02:01 PM, 04-Oct-2021

लखीमपुर में छह अक्तूबर तक तैनात रहेंगी आरएएफ और एसएसबी कंपनियां

यूपी के लखीमपुर खीरी मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने तय किया है कि यहां छह अक्टूबर तक आरएएफ और एसएसबी की दो-दो कंपनियां तैनात रहेंगी।

01:56 PM, 04-Oct-2021

जयंत चौधरी के संभल होकर लखीमपुर जाने की सूचना पर अलर्ट हुई पुलिस

राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के संभल आने की सूचना पर जिला पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। जिलाधिकारी संजीव रंजन और पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र फोर्स के साथ संभल के कस्बा सिरसी में सोमवार की सुबह 10 बजे पहुंच गए। पुलिस और प्रशासन इसलिए मुस्तैद हुआ ताकि जयंत चौधरी को आगे बढ़ने से रोका जा सके। पुलिस प्रशासन को काफी इंतजार करने के बाद मालूम हुआ कि जयंत चौधरी अमरोहा से मुरादाबाद होते हुए लखीमपुर के लिए बढ़ गए हैं। यह जानकारी संभल पुलिस प्रशासन को हुई तो मुस्तैदी को कम किया गया। वहीं दूसरी ओर राष्ट्रीय लोक दल के संभल जिलाधक्ष अजयवीर सिंह चौधरी कार्यकर्ताओं के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलने के लिए रवाना हुए तो उन्हें अमरोहा के गांव असगरीपुर में पुलिस ने रोक लिया। जिलाध्यक्ष का कहना है कि सरकार किसानों पर लगातार हमले कर रही है और किसानों के दर्द को साझा करने यदि कोई जा रहा है तो उसे नजरबंद किया जा रहा है। बताया गया कि वे अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात करने के लिए अमरोहा जा रहे थे तो उन्हें जोया में पुलिस ने रोक लिया और आगे नहीं बढ़ने दिया। कहा कि यह पुलिस की मनमानी है जो सरकार के इशारे पर की जा रही है।

01:26 PM, 04-Oct-2021

रुद्रपुर के कलक्ट्रेट गेट पर किसानों का धरना शुरू

रुद्रपुर के कलक्ट्रेट गेट पर किसानों का धरना शुरू। प्रदर्शनकारी केंद्रीय गृह राज्य मंत्री को बर्खास्त करने और हत्यारों को फांसी की मांग कर रहे हैं। केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी जारी है।

01:11 PM, 04-Oct-2021

लखीमपुर हिंसा के खिलाफ नवजोत सिद्धू का विरोध प्रदर्शन

चंडीगढ़ में कांग्रेस नेता नवजोत सिद्धू भी कार्यकर्ताओं के साथ लखीमपुर खीरी की घटना की निंदा करते विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

दिल्ली में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का भाजपा मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन

दिल्ली में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय के बाहर घेराव कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

12:57 PM, 04-Oct-2021

झांसी और ललितपुर में सड़कों पर उतरे सपाई, हुए गिरफ्तार

लखीमपुर खीरी में किसानों की मौत के बाद सोमवार को झांसी और ललितपुर में भी किसान और सपा नेता सड़क पर उतर आए। झांसी के इलाइट चौराहे पर सपा नेताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने दर्जनों सपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को गिरफ्तार कर लिया। इन्हें पुलिस लाइन ले जाया गया। जहां सपाइयों और पुलिस के बीच तीखी नोंक-झोंक हुई। इसके अलावा आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी पुलिस लाइन में प्रदर्शन किया। वहीं कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी और महासचिव प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस नेताओं ने भी प्रदर्शन किया। उधर, ललितपुर में किसानों की मौत को लेकर घंटाघर पर सपा नेताओं ने प्रदर्शन किया। वहीं प्रदर्शन को लेकर पुलिस बल की तैनाती की गई।

12:50 PM, 04-Oct-2021

इन शर्तों पर हुई किसानों और प्रशासन के बीच सुलह

सुबह से ही किसानों और प्रशासन के बीच में वार्ता चल रही थी जिसमें दोनों पक्षों में सुलह हो गई है। किसानों की मांग प्रशासन ने मांग ली है और एलान किया है कि-

मृतक किसानों के परिजनों को 45-45 लाख रुपये दिए जाएंगे।

घायल किसानों को दस लाख देने की घोषणा की गई है।

मृतक किसानों के एक परिजन को योग्य सरकारी नौकरी दी जाएगी।

इसके साथ ही नई कमेटी का गठन किया जाएगा जो रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में मामले की जांच करेगी।

एडीजी प्रशांत कुमार ने बताया है कि दोषियों के खिलाफ केस दर्ज हो गया है, जांच जारी है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Source link