List of Vande Bharat Express: इन 10 रूटों पर चलती है वंदे भारत एक्सप्रेस, टिकट और टाइमिंग सहित सभी जानकारी

List of Vande Bharat Express: इन 10 रूटों पर चलती है वंदे भारत एक्सप्रेस, टिकट और टाइमिंग सहित सभी जानकारी

Full List of Vande Bharat Express Train: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वकांक्षी योजना ‘मेक इन इंडिया’ के भारतीय रेल ने देश की पहली स्वदेशी सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस लॉन्च किया था। इस ट्रेन को यात्रियों ने भी खूब सराहा है। फिलहाल यह सिर्फ कुर्सीयान है। आने वाले समय में स्लीपर कोच वाली ट्रेन भी आने वाली है, जो कि लंबी दूरी वाले रूट पर चलेगी। पीएम मोदी ने पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को 15 फरवरी 2019 को नई दिल्ली-वाराणसी रूट पर हरी झंडी दिखाई थी। यह ट्रेन कानपुर-इलाहाबाद होते हुए प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र तक पहुंचती है।

वंदे भारत एक्सप्रेस 160 किमी प्रति घंटे की अधिकतम गति तक चल सकती है। इसकी यात्रा शताब्दी ट्रेन से अधिक आरामदायक है। अभी देश में फिलहाल 10 रूटों पर वंदे भारत एक्सप्रेस चल रही है। कई और रूट की घोषणा की जा चुकी है। जल्द ही प्रधानमंत्री उन्हें भी हरी झंडी दिखाएंगे।

1. नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 फरवरी 2019 को नई दिल्ली-वाराणसी मार्ग पर भारत की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ किया था।

रूट: यह ट्रेन नई दिल्ली और वाराणसी के बीच चलती है और कानपुर और इलाहाबाद जंक्शन पर रुकती है। ट्रेन आठ घंटे में 771 किमी की दूरी तय करती है।

टाइमिंग और टिकट: नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन सोमवार और गुरुवार को छोड़कर बाकी सभी दिन चलती है। यह नई दिल्ली से सुबह 6 बजे चलती है और दोपहर 2 बजे वाराणसी पहुंचती है। वाराणसी से दोपहर 3 बजे चलती है और रात 11 बजे नई दिल्ली पहुंचती है। एसी चेयर कार का किराया 1,805 रुपये और एक्जीक्यूटिव चेयर कार का किराया 3,355 रुपये है।

2. नई दिल्ली – श्री वैष्णो देवी माता कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस

3 अक्टूबर 2020 को देश के गृह मंत्री अमित शाह द्वारा शुरू भारत की दूसरी सेमी-हाई स्पीड ट्रेन को हरी झंडी दिखाई गई थी।

रूट: यह ट्रेन नई दिल्ली से कटरा के बीच चलती है और 8 घंटे में 655 किलोमीटर की दूरी तय करती है। अंबाला कैंट, लुधियाना और जम्मू तवी में भी यह ट्रेन रुकती है।

टाइमिंग और टिकट: ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सभी दिन चलती है। ट्रेन नई दिल्ली से सुबह 6 बजे चलती है और दोपहर 2 बजे कटरा पहुंचती है। कटरा से दोपहर 3 बजे छूटती है और रात 11 बजे नई दिल्ली पहुंचती है। नई दिल्ली से श्री वैष्णो देवी माता कटरा का किराया एसी चेयर कार के लिए 1,545 रुपये और एक्जीक्यूटिव चेयर कार के लिए 2,805 रुपये है।

3. गांधीनगर-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस

भारत की तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन 30 सितंबर 2022 को किया गया था, जो कि गांधीनगर से मुंबई तक जाती है।

रूट- गांधीनगर कैपिटल-मुंबई सेंट्रल वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन 6 घंटे 20 मिनट में 520 किलोमीटर की दूरी तय करती है।

टाइमिंग और टिकट: यह ट्रेन रविवार को छोड़कर सभी दिन चलती है। ट्रेन टिकट की कीमत एसी चेयर कार के लिए 1,420 रुपये और एक्जीक्यूटिव चेयर कार के लिए 2,630 रुपये है।

4. नई दिल्ली-अंब अंदौरा वंदे भारत एक्सप्रेस

अंब अंदौरा और नई दिल्ली के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन 13 अक्टूबर, 2022 को किया गया था।

रूट: यह ट्रेन नई दिल्ली से हिमाचल प्रदेश के लिए चलती है। ऊना में अपने गंतव्य तक पहुंचने से पहले यह अंबाला, चंडीगढ़ और आनंदपुर साहिब में भी रुकती है।

टाइमिंग और टिकट: यह ट्रेन शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलती है। यह 5 घंटे 25 मिनट में 415 किलोमीटर की दूरी तय करती है। यह ट्रेन नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से सुबह 5:50 बजे निकलती है और सुबह 11 बजे अंब अंदौरा पहुंचती है। इसके बाद अंब अंदौरा से दोपहर 1 बजे प्रस्थान करती है और शाम 6.25 बजे नई दिल्ली पहुंचती है। एसी चेयर कार के लिए दो स्टेशनों के बीच का किराया 1,240 रुपये है जबकि एग्जीक्यूटिव चेयर कार का किराया 2,240 रुपये है।

5. मैसूर-पुरची थलाइवर डॉ. एमजीआर चेन्नई सेंट्रल वंदे भारत एक्सप्रेस

मैसूर- पुरची थलाइवर डॉ, एमजीआर चेन्नई सेंट्रल वंदे भारत एक्सप्रेस पांचवी सेमी हाईस्पीड ट्रेन थी। 11 नवंबर, 2022 को इसे हरी झंडी दिखाई गई थी।

रूट: चेन्नई से मैसूर जाने वाली यह ट्रेन काटपाडी और बेंगलुरु में रुकती है। यह ट्रेन 6 घंटे 25 मिनट में 497 किलोमीटर की दूरी तय करती है।

टाइमिंग और टिकट: यह ट्रेन बुधवार को छोड़कर सभी दिन चलती है। यह चेन्नई से सुबह 5.50 बजे प्रस्थान करती है और दोपहर 12.20 बजे मैसूर जंक्शन पहुंचती है। इसके बाद मैसूर से दोपहर 1.05 बजे प्रस्थान करती है और शाम 7.30 बजे चेन्नई पहुंचती है। दो स्टेशनों के बीच का किराया एसी चेयर कार के लिए 1,365 रुपये और एक्जीक्यूटिव चेयर कार के लिए 2,485 रुपये है।

6. नागपुर-बिलासपुर वंदे भारत एक्सप्रेस

नागपुर और बिलासपुर को जोड़ने वाली नागपुर-बिलासपुर वंदे भारत एक्सप्रेस को पीएम मोदी ने 11 दिसंबर 2022 को हरी झंडी दिखाई थी।

रूट: यह ट्रेन 5 घंटे 30 मिनट में यात्रा को कवर करती है। नागपुर से बिलासपुर जाने वाली ट्रेन रायपुर, दुर्ग और गोंदिया में भी रुकती है।

टाइमिंग और टिकट: यह शनिवार को छोड़कर बाकी सभी दिनों में चलती है। ट्रेन नागपुर से दोपहर 2.05 बजे चलती है और बिलासपुर शाम 7.35 बजे पहुंचती है। यह ट्रेन बिलासपुर जंक्शन से सुबह 6.45 बजे प्रस्थान करती है और दोपहर 12.15 बजे नागपुर जंक्शन पहुंचती है। नागपुर और बिलासपुर के बीच एसी चेयर कार का किराया 1,155 रुपये और एग्जीक्यूटिव चेयर कार का 2,065 रुपये है।

7. हावड़ा-न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस

हावड़ा – न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का उद्घाटन 30 दिसंबर 2022 को किया गया था।

रूट: यह पूर्वी भारत की पहली सेमी-हाई स्पीड ट्रेन है, जो 7.5 घंटे में पूरी यात्रा को कवर करती है। यह बोलपुर (शांतिनिकेतन), मालदा टाउन और बारसोई में भी रुकती है।

टाइमिंग और टिकट: यह ट्रेन बुधवार को छोड़कर पूरे सप्ताह चलती है। ट्रेन हावड़ा जंक्शन से सुबह 5.55 बजे निकलती है और दोपहर 1.25 बजे न्यू जलपाईगुड़ी पहुंचती है। इसी दिन न्यू जलपाईगुड़ी से दोपहर 3.05 बजे प्रस्थान करती है और रात 10.35 बजे हावड़ा पहुंचती है। एसी चेयर कार के लिए टिकट की कीमत 1,565 रुपये और एक्जीक्यूटिव चेयर कार के लिए 2,825 रुपये है।

8. सिकंदराबाद-विशाखापत्तनम वंदे भारत एक्सप्रेस

सिकंदराबाद-विशाखापत्तनम वंदे भारत एक्सप्रेस को 15 जनवरी 2023 को लॉन्च किया गया था।  यह देश की आठवीं सेमी हाई स्पीड ट्रेन है।

रूट: यह ट्रेन सिकंदराबाद और विशाखापत्तनम के बीच चलती है और 8 घंटे 30 मिनट में 699 किलोमीटर की दूरी तय करती है। अपनी यात्रा के दौरान यह ट्रेन वारंगल, खम्मम, विजयवाड़ा जंक्शन, राजमुंदरी और विशाखापत्तनम स्टेशनों पर रुकती है।

टाकट और टिकट: यह ट्रेन रविवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलती है। यह सिकंदराबाद से दोपहर 3 बजे प्रस्थान करती है और रात 11.30 बजे विजाग पहुंचती है। वापसी की यात्रा में यह विजाग से सुबह 5.45 बजे प्रस्थान करती है और दोपहर 2.15 बजे सिकंदराबाद पहुंचती है। दो स्टेशनों के बीच ट्रेन का किराया एसी चेयर कार के लिए 1,665 रुपये और एक्जीक्यूटिव चेयर कार के लिए 3,120 रुपये है।

9. मुंबई-सोलापुर वंदे भारत एक्सप्रेस

यह देश की 9वीं वंदे भारत एक्सप्रेस है। 11 फरवरी, 2023 को इसे हरी झंडी दिखाई गई थी। यह ट्रेन छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) और सोलापुर के बीच चलती है।

रूट: यह 6 घंटे 35 मिनट में 455 किलोमीटर की दूरी तय करती है। अपनी यात्रा के दौरान यह ट्रेन दादर, कल्याण, पुणे और कुर्दुवाड़ी में रुकती है।

टाइमिंग और टिकट: यह ट्रेन बुधवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलती है। यह मुंबई से शाम 4.05 बजे प्रस्थान करती है और रात 10.40 बजे सोलापुर पहुंचती है। फिर सोलापुर से सुबह 6.05 बजे प्रस्थान करती है और दोपहर 12.35 बजे मुंबई पहुंचती है। एसी चेयर कार का ट्रेन टिकट 1,300 रुपये और एग्जीक्यूटिव चेयर कार का 2,365 रुपये है।

10. मुंबई- शिरडी वंदे भारत एक्सप्रेस

मुंबई CSMT-साईनगर शिरडी वंदे भारत एक्सप्रेस भारत की 10वीं वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन है।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 फरवरी को ट्रेन को हरी झंडी दिखाई थी।

रूट: यह सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन मथल घाट से होते हुए लगभग 340 किमी की दूरी केवल 5.25 घंटे में तय करती है। मुंबई से शिरडी जाने वाली ट्रेन दादर, ठाणे और नासिक रोड पर रुकती है।

टाइमिंग और टिकट: यह ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सभी दिन चलती है। यह सुबह 6.20 बजे मुंबई से निकलती है और 11.40 बजे अपने गंतव्य शिरडी पहुंचती है। यह शिरडी से शाम 5.25 बजे निकलती है और रात 10.50 बजे मुंबई पहुंचती है। टिकट की कीमत 1,000 रुपये से 2,000 रुपये के बीच है।

Source link