Russia Ukraine War LIVE: विनित्स्या पर रूस ने रॉकेट बरसाए, एयरपोर्ट तबाह, इरपिन में नागरिकों पर हमले का दावा

Russia Ukraine War LIVE: विनित्स्या पर रूस ने रॉकेट बरसाए, एयरपोर्ट तबाह, इरपिन में नागरिकों पर हमले का दावा

07:02 PM, 06-Mar-2022

यूके के सीडीएस ने लिज ट्रूस के सुझाव को बताया गैरकानूनी

यूनाइटेड किंगडम के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) सर टोनी रैडेकिन ने देश की विदेश सचिव लिज ट्रूस के उस सुझाव को खारिज कर दिया है जिसमें उन्होंने कहा था कि ब्रिटिश लोगों को रूस के खिलाफ युद्ध में हथियार उठाने के लिए यूक्रेन जाना चाहिए। सीडीएस ने कहा कि ऐसा करना गैरकानूनी होगा। 

06:51 PM, 06-Mar-2022

पिसोचिन से पोलैंड सीमा के लिए रवाना हुआ भारतीयों का समूह

यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने कहा है कि पिसोचिन से यात्रा शुरू करने वाले 44 भारतीय नागरिकों का एक समूह ल्वीव से पोलैंड की सीमा पर पहुंचने वाले हैं। 150 भारतीयों का एक और समूह रोमानिया सीमा के लिए रवाना हो चुका है।

06:44 PM, 06-Mar-2022

बेलारूस की निर्वासित नेता ने सरकार पर लगाया आरोप

बेलारूस की निर्वासित विपक्षी नेता स्वियातलाना त्सिखानूस्काया ने कहा कि देश के नेता ने देश का नियंत्रण क्रेमलिन के हवाले कर दिया है। उन्होंने कहा, ऐसा लगता है कि राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको के हाथ में हमारी सेना का नियंत्रण नहीं है। उधर, लुकाशेंको इस बात से उनकार कर रहे हैं कि बेलारूस की सेना यूक्रेन में मौजूद है और न ही हमारी रूस की ओर से युद्ध में शामिल होने की योजना है।

06:37 PM, 06-Mar-2022

रॉकेट हमले में विनित्स्या एयरपोर्ट तबाह

यूक्रेन के मीडिया संगठन कीवपोस्ट ने खबर दी है कि रूस की सेना ने विनित्स्या पर आठ मिसाइलों से हमला किया है। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा है कि इस हमले में विनित्स्या एयरपोर्ट पूरी तरह तबाह हो गया है। इसके अलावा कीव में आने वाले इरपिन में रूसी सेना पर नागरिकों पर गोलीबारी करने का आरोप भी लगाया  है।

 

06:26 PM, 06-Mar-2022

हंगरी से आज देश वापसी कर रहे हैं 889 भारतीय: हरदीप सिंह पुरी

ऑपरेशन गंगा का हंगरी में समन्वय संभाल रहे केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि शनिवार को लगभग 5200 भारतीय नागरिकों की देश वापसी हुई थी। आज लगभग 889 लोग भारत जा रहे हैं। हम आज ऑपरेशन गंगा के तहत उड़ानों के संचालन के अंतिम दौर में हैं। उन्होंने कहा कि सूमी में फंसे भारतीयों की निकासी के लिए कोशिश की रही है।

06:19 PM, 06-Mar-2022

रूस ने देश के स्वतंत्र मीडिया ‘मीडियाजोना’ को ब्लॉक किया

रूस में अंतिम बचे कुछ स्वतंत्र मीडिया संस्थानों में शामिल मीडियाजोना ने कहा है कि यूक्रेन पर हमले की रिपोर्टिंग के लिए अधिकारियों ने ब्लॉक कर दिया है। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि यूक्रेन में जो हो रहा है हमने उसकी ईमानदारी से रिपोर्टिंग की और हमले को हमला कहा, युद्ध को युद्ध कहा। संस्थान की ओर से जारी एक बयान में यह भी कहा गया कि रूस ने हाल के दिनों में मिलिट्री सेंसरशिप पेश की है और यहां न के बराबर स्वतंत्र मीडिया बचा है। 

06:07 PM, 06-Mar-2022

सूमी में फंसे भारतीयों की मदद कर रहा रेड क्रॉस

रेड क्रॉस यूक्रेन यूक्रेन के सूमी में फंसे भारतीयों को इंडियन वर्ल्ड फोरम के साथ समन्वय में मानवीय मदद उपलब्ध करा रहा है। सूमी में रेड क्रॉस के समन्वयक इहोर शपोवाल ने यूनिवर्सिटी परिसरों का दौरा किया है, छात्रों से बातचीत की है और उन्हें जल्द निकासी का आश्वासन दिया है।

05:59 PM, 06-Mar-2022

मारियुपोल में फिर नहीं हो पाई नागरिकों की निकासी

यूक्रेन के मारियुपोल शहर से नागरिकों को निकालने के लिए एक मानवीय कॉरिडोर बनाने में रविवार को भी नाकाम रहने के बाद रूस समर्थित अलगाववादियों और यूक्रेन के नेशनल गार्ड ने एक दूसरे पर आरोप लगाए हैं। इससे पहले शनिवार को भी ऐसी ही एक कोशिश असफल रही थी। 

05:45 PM, 06-Mar-2022

रूस के नागरिकों से जेलेंस्की की अपील

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने सीधे रूसी नागरिकों से अपील की है कि वह क्रेमलिन के यूक्रेन पर हमले के खिलाफ सड़कों पर उतरें और प्रदर्शन करें या फिर खुद को गरीबी और दमन के जोखिम में डालें। जेलेंस्की ने कहा, ‘रूस के नागरिकों… आपके लिए यह संघर्ष केवल यूक्रेन में शांति के लिए नहीं है, यह लड़ाई आपके खुद के देश के लिए भी है।’ बता दें कि पिछले सप्ताह में इस हमले के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए रूस में हजारों लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। रूस इस हमले को एक विशेष सैन्य अभियान बता रहा है जो 24 फरवरी को शुरू हुआ था।

 

05:38 PM, 06-Mar-2022

तुर्की के राष्ट्रपति ने पुतिन से किया युद्ध विराम और शांति समझौता करने का अनुरोध

तुर्की के राष्ट्रपति तैयप एर्दोगन ने अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन से यूक्रेन में युद्ध विराम का एलान करने, मानवीय कॉरिडोर खोलमे और एक शंति समझौते पर हस्ताक्षर करने का अनुरोध किया है। पुतिन के साथ करीब एक घंटे फोन पर बात करने के बाद उनके कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में बताया गया कि एर्दोगन ने पुतिन से कहा कि हम इस विवाद का शांतिपूर्ण हल ढूंढने में मदद करने के लिए तैयार हैं। 

05:31 PM, 06-Mar-2022

प्राडा ने रूस में रोका अपना रिटेल ऑपरेशन

इटली के लग्जरी ब्रांड प्राडा ने यूक्रेन पर हमले के मद्देनजर रूस में रिटेल बिक्री पर रोक लगाने का एलान किया है। कंपनी ने अपने लिंक्डइन पेज पर लिखा कि प्राडा ग्रुप रूल में अपने रिटेल ऑपरेशन निलंबित करता है। हमारी मुख्य चिंता यूक्रेन में संघर्ष से प्रभावित हुए हमारे साथियों और उनके परिवारों को लेकर है। हम उनका सहयोग करना जारी रखेंगे।’

05:31 PM, 06-Mar-2022

पोप फ्रांसिस ने कहा- भीषण युद्ध का सामना कर रहा है यूक्रेन

पोप फ्रांसिस ने फ्रांस के इस दावे को खारिज किया है कि वह यूक्रेन में एक विशेष सैन्य अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि यह देश (यूक्रेन) के युद्ध का सामना कर रहा है। पोप ने सेंट पीटर्स स्क्वायर में अपने साप्ताहिक संबोधन में कहा कि यूक्रेन में खून की नदियां और आंसू बह रहे हैं, यह न केवल एक सैन्य अभियान है बल्कि एक युद्ध है जिसकी वजह से लोग मारे जा रहे हैं और विनाश हो रहा है।

05:22 PM, 06-Mar-2022

मध्यस्थता का प्रयास करता रहेगा इस्राइल: बेनेट

इस्राइल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट ने कहा है कि हम रूस और यूक्रेन के बीच मध्यस्थता की कोशिश करते रहेंगे भले ही इसके होने की संभावना न के बराबर हो। बेनेट शनिवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिलने अचानक मॉस्को पहुंचे थे। रविवार को उन्होंने मॉस्को से वापसी की।

05:15 PM, 06-Mar-2022

‘यूक्रेनी शरणार्थियों पर जर्मनी का रुख बाकी यूरोपीय देशों जैसा’

भारत में जर्मनी के दूत वाल्टर जे लिंडनर ने यूक्रेन संकट को लेकर कहा कि यह बहुत खराब स्थिति है, उन्हें (रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन) को रुकना होगा। यूक्रेनी शरणार्थियों को लेकर उन्होंने कहा कि हमारा रुख बाकी यूरोपीय देशों जैसा ही है। जर्मनी रूस पर प्रतिबंध लगाने में मजबूती से हिस्सा ले रहा है। हम काफी हद तक गैस के लिए रूस पर निर्भर हैं लेकिन फिर भी हमने इसमें कमी की है। 

05:07 PM, 06-Mar-2022

रूस और यूक्रेन, दोनों देशों के छात्रों की मदद कर रहे यूके के विश्वविद्यालय

यूनाइटेड किंगडम (यूके) के विश्वविद्यालयों ने कहा है कि हमारी प्राथमिकता यूक्रेनी छात्रों को मदद उपलब्ध कराना है, लेकिन इसके साथ ही हम उन रूसी छात्रों से संपर्क भी कर रहे हैं जो अकेला महसूस कर रहे हैं लेकिन मदद नहीं मांग पा रहे हैं। ससेक्स यूनिवर्सिटी के साइंस पॉलिसी रिसर्च यूनिटी में प्रोफेसर पॉल नाइटिंगेल का कहना है कि सभी यह कहना बेवकूफी भरा होगा कि हम सभी रूसी छात्रों को निकाल देना चाहिए। यूके में मौजूद अधिकतर रूसी छात्र पुतिन विरोधी हैं। 

Source link