इवनिंग न्यूज ब्रीफ: 2 मिनट में पढ़ें दिन भर की 10 सबसे बड़ी खबरें

इवनिंग न्यूज ब्रीफ: 2 मिनट में पढ़ें दिन भर की 10 सबसे बड़ी खबरें

नई दिल्ली3 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

अगर आप दिनभर की भागदौड़ में किसी खबर से चूक गई हैं तो हम आपके लिए लाए हैं इवनिंग न्यूज ब्रीफ। इसमें आपको मिलेंगी देश, विदेश, बिजनेस, खेल और मनोरंजन जगत की सभी अहम खबरें, जिसे मात्र 2 मिनट में पढ़कर आप अपने आपको रख सकेंगी अपडेट।

1.नवरात्रि में मीट बैन पर बहस, TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने दिया संविधान का हवाला

नवरात्रि पर मीट बैन को लेकर चारों ओर चर्चा है। TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने नवरात्रि में मीट बैन पर ट्वीट किया है- ‘मैं दक्षिण दिल्ली में रहती हूं। संविधान मुझे मीट खाने की इजाजत देता है। साथ ही मीट शॉप को खोलने की आजादी भी देता है।’ दक्षिण दिल्ली नगर निगम के मेयर मुकेश सूर्यन ने दिल्ली सीएम को चिट्ठी लिखकर मीट की दुकानों को बंद करने की मांग की थी। ऐसा ही देश के कई और जिलों में देखा जा रहा है।

2. अपने बच्चे को IPL खिलाना चाहती हैं तो क्रिकेटर वेंकटेश अय्यर की मां से जानिए टिप्स

IPL में KKR की तरफ से खेल रहे वेंकटेश अय्यर की मां उषा अय्यर और कोच अजय रात्रा बता रहे हैं कि कैसे आप IPL तक पहुंच सकते हैं। वेंकटेश MBA भी हैं। खेल के साथ पढ़ाई और बैकअप प्लान भी जरूरी है। 7-8 की उम्र से ही बच्चे की प्रोफेशनल एकेडमी में कोचिंग शुरू करवा दें। एकेडमी घर के पास हो या आप शिफ्ट हो जाएं, वरना कई घंटे आने-जाने में लगेंगे। एकेडमी से ही डिस्ट्रिक्ट लेवल, अंडर-14, अंडर-19, स्टेट, रणजी, IPL, नेशनल टीम में सेलेक्शन का रास्ता खुलेगा।

3. अपने-अपने प्यार का हाथ थामे एयरपोर्ट से बाहर निकले ऋतिक रोशन और सुजैन खान

ऋतिक रोशन इन दिनों अभिनेत्री सबा आजाद को डेट कर रहे हैं। वहीं उनकी पूर्व पत्नी सुजैन खान अभिनेता अर्सलान गोनी को। सुजैन ने हाल ही में गोवा में अपना रेस्टोरेंट खोला है। रेस्टोरेंट की ओपिनिंग पार्टी में बॉलीवुड के कई सितारे शामिल हुए। इसमें ऋतिक-सबा भी शामिल हुए। वहां से लौटते वक्त ऋतिक और सुजैन अपने-अपने पार्टनर का हाथ थामे एयरपोर्ट से बाहर निकले।

4. मंदिर से गहने चुराना चोर को पड़ा भारी, बाहर निकलने के लिए दीवार में किए छेद में फंसा

आंध्र के जिले श्रीकाकुलम के जामी येलम्मा मंदिर में एक व्यक्ति को चोरी करना भारी पड़ गया। पापा राव नाम का शख्स मंदिर की खिड़की तोड़ अंदर घुसा और मूर्तियों पर चढ़ाए गए गहनों को चुरा लिया। बाहर निकलने के लिए उसने दीवार में छेद किया। निकलने के दौरान वो उसी छेद में फंस गया। कई घंटे बाद भी जब वो नहीं निकल पाया तो लोगों को मदद के लिए बुलाया। लोगों ने उसे निकाला और पुलिस के हवाले कर दिया।

5. लंच के टाइम पर कई बड़े शहरों में जोमैटो और स्विगी हुए डाउन

फूड डिलीवरी ऐप जोमैटो और स्विगी बुधवार को कई बड़े शहरों में कुछ देर के लिए डाउन हो गए। ये ऐप लंच के समय डाउन हुए जब ऑर्डर की संख्या आम तौर पर ज्यादा होती है। कई यूजर्स ने ट्विटर पर ऐप के स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए बताया कि वो फूड ऑर्डर नहीं कर पा रहे हैं। जोमेटो ने अपने ग्राहकों से माफी मांगते हुए इसे टेम्पररी ग्लिच बताया।

6. गूगल मैप के नए फीचर से बचेंगे टोल के पैसे, भारत में भी जल्द आएगा

गूगल गूगल मैप्स के लिए नया फीचर ‘टोल प्राइस’ लाया है। इसकी मदद से अब आप रोड ट्रिप के पहले टोल प्राइस और टोल-फ्री रूट्स की जानकारी ले सकते हैं। इस महीने के आखिर तक भारत, इंडोनेशिया, अमेरिका में यूजर्स इस फीचर को एक्सेस कर पाएंगे। कंपनी इसमें 2000 से ज्यादा टोल रोड की जानकारी देगी।

7. पटना के TTE का रिकॉर्ड, 1 साल में वसूला 1.11 करोड़ रुपए का जुर्माना

पटना के TTE शशि कुमार ने ईस्ट सेंट्रल रेलवे में एक नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। एक साल में इन्होंने 16,423 यात्रियों से 1.11 करोड़ रुपए का जुर्माना वसूला है। शशि बताते हैं कि वो बहुत ध्यान से हर एक यात्री की गतिविधि को देखते हैं। तभी वह बेटिकट लोगों को पकड़ पाते हैं। पिछले साल उन्होंने 6 साल की एक लड़की को तस्करी से भी बचाया था।

8. कोरोना से पीड़ित हर 5 में से 1 इंसान की आंखों में हो रही है परेशानी

कोविड संक्रमण झेल चुके हर 5 में से 1 इंसान को ड्राय आइज की समस्या हो रही है। चाइनीज यूनिवर्सिटी ऑफ हॉन्ग कॉन्ग की रिसर्च में ये बात सामने आई है। 3 महीने तक 228 मरीजों पर स्टडी की गई। इस दौरान पाया गया कि ड्राय आइज के अलावा लोगों को धुंधलापन, आंखों में चुभन, लाइट से सेंसिटिविटी और आंखों में सूजन जैसी समस्या हो रही है।

9. MP में सिलेबस में पढ़ाई जाएगी गीता, ग्रेजुएशन सेकेंड ईयर में होगी शामिल

MP के कॉलेजों में अब ग्रेजुएशन सेकेंड ईयर में भगवद गीता पढ़ाई जाएगी। इस बात की घोषणा सीएम शिवराज सिंह चौहान ने की। वह कुशाभाऊ ठाकरे सभागार (मिंटो हॉल) में युवा संवाद में स्टूडेंट्स को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा विभाग इसकी योजना तैयार कर रहा है। इसमें ‘श्रीमद् भगवद् गीता का सामाजिक संदर्भ’ पढ़ाया जाएगा।

10. रूसी सैनिकों पर कहर बरपाती यूक्रेन की शार्प शूटर ‘चारकोल’ के चारों ओर चर्चे

रूस-यूक्रेन जंग में यूक्रेन के आमलोग भी रूसी सैनिकों का सामना कर रहे हैं। सेना में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हो रही हैं। ‘चारकोल’ के नाम से मशहूर महिला शार्प शूटर रूसी सैनिकों को सबक सिखा रही है। ‘चारकोल’ की छवि यूक्रेन में हीरो की बन गई है। उसके साहस की कहानी वहां को घरों में सुनाई जा रही है। यूक्रेनी सेना ने अपनी इस जांबाज शूटर की पहचान गुप्त रखते हुए उसकी फोटो जारी की है।

आप इस न्यूज ब्रीफ को शेयर भी कर सकती हैं…

खबरें और भी हैं…

Source link