मॉर्निंग न्यूज पॉडकास्ट: मोदी कैबिनेट में 36 नए मंत्री, 7 को प्रमोशन, 12 के इस्तीफे; चुनावी राज्यों से बने 16 मिनिस्टर, ट्रेजडी किंग दिलीप कुमार मुंबई में सुपुर्दे खाक

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar Morning News Podcast | 36 New Ministers Included In Modi Cabinet To Tragedy King Dilip Kumar’s Funeral In Mumbai And Olympic Torch Relay Canceled In Tokyo Due To Corona And More

9 मिनट पहले

नमस्कार,
आज गुरुवार है, तारीख 8 जुलाई 2021; आषाढ़ मास, कृष्ण पक्ष और चतुर्दशी तिथि।

सबसे पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर होगी नजर

  1. कृषि कानूनों का विरोध कर रहा संयुक्त किसान मोर्चा डीजल-पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करेगा।
  2. प्रधानमंत्री मोदी ने शाम 5 बजे कैबिनेट की बैठक बुलाई है, बुधवार को शपथ लेने वाले मंत्री इसमें शामिल होंगे।

अब कल की प्रमुख खबरें, जो आपको अपडेट रखेंगी

1. सबसे बड़ा कैबिनेट विस्तार, 43 मंत्रियों ने ली शपथ

नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण के बाद राष्ट्रपति भवन में लिया गया ग्रुप फोटो।

नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण के बाद राष्ट्रपति भवन में लिया गया ग्रुप फोटो।

भारत के इतिहास में पहली बार सबसे बड़ा कैबिनेट विस्तार किया गया। बुधवार शाम 6 बजे सर्वार्थ सिद्धि योग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल के 43 मंत्रियों ने शपथ ली। शपथ लेने के लिए 34 ने हिंदी को और 9 ने अंग्रेजी भाषा को चुना। डेढ़ घंटे चले शपथ ग्रहण में 36 नए मंत्रियों ने शपथ ली। मौजूदा मंत्रियों में से 7 को प्रमोट किया गया है। मोदी कैबिनेट में अब मंत्रियों की संख्या बढ़कर 78 हो गई है।
पढ़िए पूरी खबर..

2. कैबिनेट विस्तार में 6 चुनावी राज्यों पर फोकस
अगले साल फरवरी-मार्च में 5 राज्यों उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में चुनाव होने हैं। कैबिनेट विस्तार में शामिल 36 नए चेहरों में से 7 अकेले उत्तर प्रदेश से हैं। इसके साथ ही यहां से आने वाले कुल मंत्रियों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। मोदी कैबिनेट में यूपी के मंत्रियों की ये सबसे बड़ी संख्या है। वहीं, गुजरात से भी 3 मंत्री बनाए गए हैं, जहां अगले साल के आखिर में चुनाव होने हैं।
पढ़िए पूरी खबर..

3. मोदी के 12 मंत्रियों के इस्तीफे, 23% मंत्री हटाए
मंत्रिमंडल विस्तार से ठीक पहले प्रधानमंत्री मोदी ने सबसे बड़ी कार्रवाई की। उन्होंने अपनी टीम के 53 में से 12 मंत्रियों को इस्तीफा देने को कहा। यानी 23% मंत्री की छुट्‌टी। ये अब तक किसी भी प्रधानमंत्री द्वारा कैबिनेट विस्तार से पहले की सबसे बड़ी कार्रवाई है। जिन पर कार्रवाई हुई उनमें प्रकाश जावड़ेकर, डॉ. हर्षवर्धन और रविशंकर प्रसाद जैसे तमाम दिग्गज नाम शामिल थे।
पढ़िए पूरी खबर..

4. विस्तार के 2 घंटे के भीतर मंत्रियों को विभाग बंटे
कैबिनेट विस्तार के 2 घंटे के भीतर ही प्रधानमंत्री मोदी ने नई टीम को विभागों का जिम्मा सौंप दिया। गृह मंत्री अमित शाह को सबसे नया मंत्रालय मिनिस्ट्री ऑफ कॉरपोरेशन भी दिया गया है। हॉर्वर्ड से पढ़े ज्योतिरादित्य सिंधिया को एविएशन मिनिस्ट्री और IIT ग्रैजुएट अश्विनी वैष्णव को रेल और सूचना प्रसारण मंत्रालय मिला है। स्वास्थ्य मंत्रालय अब डॉ. हर्षवर्धन की जगह मनसुख मंडाविया संभालेंगे।
पढ़िए पूरी खबर..

5. एक्टर दिलीप कुमार का निधन, मुंबई में सुपुर्दे खाक
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार का बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे निधन हो गया था। 98 साल के अभिनेता ने मुंबई के हिंदुजा हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। उन्हें मुंबई के जुहू कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया है। मुंबई पुलिस के जवानों ने फायर कर दिलीप कुमार को आखिरी सलामी दी। दिलीप साहब की पत्नी सायरा बानो ने भी कब्रिस्तान पहुंचकर उन्हें आखिरी सलाम किया।
पढ़िए पूरी खबर..

6. ओलिंपिक जाने वाले एथलीट्स को नहीं पता प्रोग्राम
टोक्यो ओलिंपिक में 15 दिन बचे हैं, लेकिन जिन खिलाड़ियों से मेडल की उम्मीदें भारतीय फैन्स लगाए बैठे हैं, उन खिलाड़ियों को अब तक पता ही नहीं है कि ओलिंपिक में भाग लेने के लिए टोक्यो कब जाना है। आर्चरी और बैडमिंटन के इवेंट्स 23 और 24 जुलाई से शुरू हो रहे हैं। पर इनके फेडरेशन को अब तक IOA ने कोई तारीख नहीं दी है। एथलीट्स को 5 दिन पहले पहुंचना जरूरी है।
पढ़िए पूरी खबर..

7. कोरोना के चलते टोक्यो में ओलिंपिक टॉर्च रिले रद्द

यह फोटो मार्च में ली गई थी, जब ओलिंपिक के लिए टॉर्च रिले इवेंट की शुरूआत हुई थी। अब जापान सरकार ने कोरोना महामारी के कारण राजधानी टोक्यो में शुक्रवार से शुरू होने वाले ओलिंपिक टॉर्च रिले को रद्द करने का फैसला किया। अब ओलिंपिक मशाल जलाए जाने के इवेंट की ऑनलाइन स्ट्रीमिंग की जाएगी। टोक्यो ओलिंपिक की शुरुआत 23 जुलाई को होनी है।
पढ़िए पूरी खबर..

कुछ अहम खबरें, सिर्फ हेडलाइन में

  1. LJP पर अधिकार की लड़ाई में स्पीकर के फैसले के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट गए चिराग, कहा- पारस हमारी पार्टी के सदस्य नहीं, उन्हें संसदीय दल का नेता किसने बनाया
  2. म्यांमार में डॉक्टरों पर सेना और पुलिस का कहर, हेल्थकेयर वर्कर्स निशाने पर; विरोध करने पर सेना ने कई अस्पतालों पर कब्जा किया, वैक्सीनेशन का काम भी रुका
  3. कोरोना के आगे घुटने टेके:महामारी और उसके बाद हालात से हताश अमेरिका के 13 शहरों के मेयर पद छोड़ रहे; कहते हैं-संघर्ष से थक गए, अब कुछ और करेंगे

आज के दिन इतिहास में क्या हुआ था
1497 में आज ही के दिन पुर्तगाली सेलर वास्को डी गामा भारत यात्रा पर निकले थे। उन्हें भारत पहुंचने में करीब 11 महीने लगे थे। इसी के साथ वास्को डी गामा ने यूरोप से भारत पहुंचने का समुद्री रास्ता खोज लिया था। दरअसल, अरब देश भारत की चाय और मसाले यूरोप में बेचते थे, लेकिन यह नहीं बताते थे कि ये सामान आता कहां से है। इसीलिए, यूरोप से भारत का रास्ता खोजने की कोशिश की गई थी।

और अब आज का विचार
जो लोग इतने क्रेजी होते हैं कि उन्हें लगता है वे दुनिया बदल सकते हैं, अक्सर वही लोग दुनिया को बदलते हैं- स्टीव जॉब्स

आपका दिन शुभ हो, कल फिर मिलेंगे…

Source link